गजरौला गांव फत्तेहपुर वाटीपुरा में आरोपी को पेड़ से बांधकर पीटते लोग।
हसनपुर कोतवाली क्षेत्र के गांव फत्तेहपुर वाटीपुरा के जंगल में किसान के खेत में खड़े बोंगे से भूस चुराया गया। इसके बाद बोंगे में आग लगा दी गई। आरोपी ट्रैक्टर ट्राली से चोरी का भूसा ले जा ही रहे थे कि रास्ते में ट्राली खराब हो गई। यहां जांच पड़ताल करते हुए ग्रामीण पहुंचे और एक आरोपी को पकड़ लिया। आरोपी को बिजली के खंभे से बांधकर पीटा गया। इसके बाद पुलिस के हवाले कर दिया गया। ग्रामीणों ने तीन लोगों के खिलाफ पुलिस को तहरीर दी है।
गांव फत्तेहपुर वाटीपुरा निवासी प्रकाश के खेत पर भूसे का बोंगा है। बताया जाता है कि मंगलवार रात को चोरों ने बोंगे से करीब बीस क्विंटल से अधिक भूसा चुरा लिया और बाकी में आग लगा दी। इसकी जानकारी प्रकाश को बुधवार सुबह लगी। प्रकाश के साथ कई ग्रामीण ट्रैक्टर ट्राली के टायर के निशानों के देखते हुए गांव चकफेरी जा पहुंचे। यहां रास्ते में एक ट्रैक्टर ट्राली खराब हालत में मिले। जबकि ट्राली में भूसा भरा हुआ था।
इस दौरान इकबाल नाम का युवक उसकी रखवाली कर रहा था। ग्रामीणों ने उसे पकड़ लिया और मारपीट शुरू की तो उसने सब उगल दिया। कहा कि उसके अलावा चकफेरी के दो लोग और थे। जिन्होंने भूसा चुराया था। इसके बाद ग्रामीण उसे पकड़ कर गांव ले आए। बिजली के खम्भे से बांध लिया और जमकर मारपीट की। सूचना मिलते ही पुलिस घटनास्थल पर पहुंच गई। आरोपी को बंधनमुक्त कर कोतवाली ले जाया गया। ग्रामीणों ने तीन लोगों को नामजद करते हुए पुलिस को तहरीर दी है। पुलिस मामले में आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करने की तैयारी कर रही है।