डिडौली। क्षेत्र के एक गांव निवासी बुजुर्ग किसान ने परिवार के साथ मारपीट, लूटपाट और बेटी से छेड़छाड़ का गंभीर आरोप छह लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई है। न्यायालय के आदेश पर प्राथमिकी दर्ज करने के बाद पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
किसान का आरोप है कि 13 जनवरी को दोपहर वह अपने घर में परिवार के साथ बैठे थे। आरोप है कि इसी दौरान तसलीम, शाहनवाज, शाह आलम, साऊद, शायरा और बाबू जबरन उनके घर में घुस आए और गाली-गलौज करते हुए मारपीट शुरू कर दी। आरोपियों ने घर में रखी अलमारी से करीब आठ तोले सोने के जेवर, 1.95 लाख रुपये नकद और लगभग 30 हजार रुपये के कपड़े लूट लिए। साथ ही उनकी बेटी के साथ अश्लील हरकतें कीं। विरोध करने पर उन्हें और उनकी बेटी पर जानलेवा हमला कर दिया। घटना में पिता-पुत्री घायल हो गए। पीड़ित ने घटना की शिकायत थाने और पुलिस अधीक्षक से की लेकिन कोई कोई कार्रवाई नहीं हुई। लिहाजा पीड़ित ने न्यायालय की शरण ली। सीओ अभिषेक यादव ने बताया कि मामले में आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर विवेचना की जा रही है। साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। संवाद