अमरोहा। दिल्ली के रहने वाले अपहृत मोहम्मद कैफ के नकली करेंसी के मामले में सुर्खियों में आए उसके रिश्ते के मामा फैसल को नगर कोतवाली पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। उसके पास से छह हजार रुपये की नकली करेंसी और मिली है। पुलिस ने उसे न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया। अब पुलिस आमिर नाम के व्यक्ति की तलाश कर रही है। चर्चा कि आमिर कुख्यात अनवर हटेला का करीबी है।
दिल्ली के रहना वाला 19 वर्षीय कैफ अमरोहा अपनी ननिहाल आया था। मंगलवार की रात उसका अपहरण कर लिया गया था। बंधक बनाकर एक कब्रिस्तान में रखा। आरोपियों ने कैफ की मां परवीन बब्बी को फोन करके पांच लाख की फिरौती मांगी। सूचना पर तुरंत ही पुलिस ने आरोपियों घेराबंदी शुरू कर दी। मोबाइल नंबर की लोकेशन ट्रेस करके तीन घंटे के भीतर आरोपियों को गिरफ्तार कर अपहृत को सकुशल मुक्त करा लिया गया था। पूछताछ के दौरान आरोपियों ने अपना नाम फरमान उर्फ काला बच्चा निवासी अफगानान बताया। जबकि दूसरे आरोपी ने अपना नाम फरमान निवासी शिवाला कलां जनपद बिजनौर निकला था। फरमान उर्फ काला बच्चा हिस्ट्रीशीटर है।
बाद में पुलिस ने दोनों को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया था। चूंकि अपहरण के दौरान मोहम्मद कैफ से बरामद हुई नकली करेंसी उसके रिश्ते के मामा फैसल ने दी थी। इसलिए पुलिस ने फैसल का नाम एफआईआर में नकली करेंसी के मामले शामिल किया था। तभी से फैसल फरार चल रहा था। बृहस्पतिवार की शाम पुलिस ने फैसल को गिरफ्तार कर लिया। जिसकी निशानदेही पर छह हजार रुपये के नकली नोट और बरामद किए हैं। सीओ सिटी विजय कुमार राणा ने बताया कि फैसल को गिरफ्तार कर न्यायालय में कर जेल भेज दिया गया है। अब नकली करेंसी के मामले में आमिर नाम के व्यक्ति की तलाश की जा रही है। जांच में सामने आया है कि आमिर कुख्यात अपराधी अनवर हटेला का करीबी है। दिल्ली एनसीआर से नकली नोट लाकर अमरोहा में खपाता था। फैसल केवल नकली नोटों को बाजार में चलाने का काम करता था।
-
कौन है अनवर हटेला
अमरोहा नगर का रहने वाला अनवर हटेला दिल्ली के गैंगस्टर छेनू पहलवान गैंग का शॉर्प शूटर है। नासिर गैंग से रंजिश में 22 अक्तूबर 2017 दिल्ली उसने अपने साथियों के साथ स्कूटी पर जा रहे वाजिद पर ताबड़तोड़ गोलियां चलाई थीं। इस वारदात में वाजिद के 20 से ज्यादा गोली लगने के बाद मौत हो गई थी। इस वारदात के चंद घंटों बाद ही उसने आरिफ हुसैन नामक युवक की 15 से ज्यादा गोली मारकर हत्या कर दी थी। उसने दिल्ली के जफराबाद और भजनपुरा इलाके दोनों वारदातों को अंजाम दिया था। इन हत्याओं का सीसीटीवी फुटेज वायरल हुआ था। फिलहाल अनवर हटेला दिल्ली की तिहाड़ जेल में बंद है। हटेला को 14 मार्च 2018 की रात अमरोहा और दिल्ली पुलिस की संयुक्त कार्रवाई के दौरान मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया गया था। मुठभेड़ में हटेला के पैर में तीन गोलियां लगी थीं और एक पुलिस इंस्पेक्टर भी घायल हुए थे। उसकी गिरफ्तारी पर दिल्ली पुलिस की तरफ से एक लाख और अमरोहा पुलिस की ओर से 25 हजार रुपये का इनाम घोषित था। पुलिस ने अनवर के कब्जे से एक कारबाइन, एक लाख रुपये की नकदी, पिस्टल और चोरी की कार बरामद की थी। इस दौरान पुलिस ने उसकी पत्नी को भी गिरफ्तार कर जेल भेजा था।
17 जून 2021 को पैरोल पर अमरोहा आया था हटेला
दिल्ली की तिहाड़ जेल में बंद शार्प शूटर अनवर हटेला को 17 जून 2021 कोर्ट के आदेश पर चार घंटे के पैरोल पर दिल्ली पुलिस अमरोहा लाया गया था। अनवर यहां अपने बीमार चल रहे भाई को देखने आया था। अनवर हटेला को दिल्ली पुलिस की टीम सुबह 11 बजे यहां लेकर आई थी और दोपहर बाद तीन बजे वापस ले गई थी।