अमरोहा के गजरौला में हाईवे पर मतवाली पुल की रैलिंग में घुसी कार।
- फोटो : GAJRAULA
गजरौला(अमरोहा)। घने कोहरे में शनिवार सुबह हाईवे पर एक के बाद एक कई हादसे हुए, जिसमें आठ लोग जख्मी हो गए। बरेली से दिल्ली जा रही स्विफ्ट कार को पीछे से आ रही रोडवेज ने टक्कर मार दी। हादसे में एक चैनल के पत्रकार और उनके दो साथियों समेत तीन लोग मामूली रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद वहां काफी हंगामा हुआ। इस दौरान दो घंटे तक जाम लगा रहा। पुलिस भी आ पहुंची और बस को औद्योगिक चौकी तथा कार को थाने ले आई। बाद में पत्रकार की तहरीर पर अज्ञात चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई।
पहला हादसा शनिवार की सुबह लगभग पांच बजे घने कोहरे में मतवाली नदी की पुलिया पर हुआ। दिल्ली की दिशा में जा रही कार का चालक हड़बड़ाहट में पुल की रेलिंग में जा घुसा। इससे कार का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। कार में सवार चार लोग घायल हो गए। उन्होंने पास में ही एक निजी हास्पिटल में उपचार कराया। वहीं भानपुर फाटक के सामने दिल्ली की दिशा से आ रहा कैंटर बीच सड़क पर रखे अस्थाई डिवाइडर में जा घुसी। चालक प्रीतम सिंह निवासी गाजियाबाद मामूली रूप से घायल हो गया। इसके अलावा मुरादाबाद की दिशा से आ रही आई 20 कार भी डिवाइडर से जा टकराई। हादसे में कोई घायल नहीं हुआ। सुबह नौ बजे बरेली की क्रस्टर कालोनी गोल्डन गेट निवासी अजय प्रताप सिंह की स्विफ्ट कार को हाईवे पर बगद नदी से पूर्व कोरल न्यूज प्रिंट फैक्टरी के सामने पीछे से आई कैसरबाग डिपो की बस ने टक्कर मार दी। अजय प्रताप सिंह एक चैनल के पत्रकार हैं और अपने साथी पवन तिवारी और अभिषेक के साथ नोएडा जा रहे थे। हादसे में तीन लोग मामूली रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद कार में सवार लोगों और बस के स्टाफ के बीच काफी नोकझोंक हुई। इस दौरान हाईवे पर लगभग दो घंटे तक जाम लगा रहा। वहीं रोडवेज की दूसरी बस ने बगद नदी के वन-वे पुल कार को टक्कर मार दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने जाम खुलवाया। बाद में दुर्घटनाग्रस्त बस को औद्योगिक चौकी और कार को थाने भिजवाया दिया। बाद में रोडवेज के सहायक क्षेत्रीय प्रबंधक आरके जौहरी भी यहां पहुंचे। इंस्पेक्टर आरपी शर्मा ने बताया कि बरेली निवासी अजय प्रताप सिंह की तहरीर के आधार पर रोडवेज बस के चालक के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है।