अमरोहा। नौगांवा सादात से घर लौट रहे बाइक सवार सफाई कर्मचारी की सड़क हादसे में मौत हो गई। खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच पड़ताल की। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस ने कैंटर को जब्त कर लिया है।
यह हादसा अमरोहा देहात थानाक्षेत्र में रामहट और कैलसा बॉर्डर के बीच हुआ। क्षेत्र के गांव कालीलेट में राकेश सिंह का परिवार रहता है। उनका बेटा कुलदीप (24) नौगांवा सादात में सफाई कर्मचारी है। शनिवार की रात वह नौगांवा सादात से बाइक पर सवार होकर घर वापस लौट रहा था। अभी उसकी बाइक कैलसा और रामहट गांव के बीच पहुंची थी। तभी सामने से आ रहे कैंटर ने टक्कर मार दी। हादसे में उसकी मौके पर मौत हो गई। थोड़ी ही देर में लोगों की भीड़ जमा हो गई। सूचना मिलते ही एसओ अरिहंत कुमार फोर्स के साथ मौके पर पहुंच गए। मौके पर जांच पड़ताल की। बाद में शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने कैंटर को कब्जे में ले लिया है। एसओ अरिहंत कुमार ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। परिजनों से तहरीर मिलने के बाद कार्रवाई की जाएगी।