हसनपुर/नौगांवा सादात (अमरोहा)। बहन की शादी के कार्ड बांटने निकले भाई की सड़क हादसे में मौत हो गई। मौत की सूचना से परिजनों में कोहराम मच गया। भाई की मौत से बहन की शादी की खुशियां मातम में तब्दील हो गई। पोस्टमार्टम के बाद देर शाम घर पहुंचे शव का अंतिम संस्कार कर दिया गया।
बताते हैं कि आदमपुर थाना क्षेत्र के गांव नवाबपुरा निवासी राजेश सिंह का 21 वर्षीय बेटा शोभित कुमार गुरुवार को गांव के ही हमउम्र हिमांशु के साथ बाइक पर बहन की शादी के कार्ड बांटने के लिए रिश्तेदारी में गए थे। गुरुवार देर शाम को नौगांवा सादात क्षेत्र में कताई मिल के पास कार की टक्कर से बाइक सवार दोनों युवक घायल हो गए। इनमें से शोभित कुमार की मौके पर ही मौत हो गई। हिमांशु घायल हो गया। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव कब्जे में ले लिया और परिजनों को सूचना दी। मौत की सूचना से परिजनों में कोहराम मच गया। शुक्रवार शाम को पीएम के बाद शव गांव पहुंचा। जिसके बाद अंतिम संस्कार कर दिया गया। बताते हैं कि शोभित की बहन ममता की 16 फरवरी को शादी है। जिसके लिए वह कार्ड बांटने के लिए निकला हुआ था। युवक की मौत से परिजनों में कोहराम मचा है। बताते हैं कि शोभित तीन भाइयों में सबसे बड़ा था। दो वर्ष पहले शोभित की मां की मौत हो गई थी और एक वर्ष पहले एक बहन की भी मौत हो चुकी है। शोभित की मौत से परिजनों पर दुखों का पहाड़ टूट गया है।