मंडी धनौरा(अमरोहा)। बीते पांच फरवरी को दिल्ली में हुई सड़क दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल हुए थाना क्षेत्र के गांव शेरपुर निवासी अब्दुल समद (32) साल ने भी उपचार के दौरान दम तोड़ दिया है। इस दुर्घटना में अब्दुल समद के सात साल के बेटे फरहान की मौके पर ही मौत हो गई थी।
गांव शेरपुर निवासी अब्दुल समद दिल्ली में प्लास्टिक बोर्ड का काम करते थे। वह बीते पांच फरवरी को गांव से बाइक पर सवार होकर दिल्ली जा रहे थे। बाइक पर उनके साथ पत्नी व दो पुत्र सवार थे। दिल्ली में सरिता विहार इलाके में सामने से आ रहे एक डंपर ने अब्दुल समद की बाइक में टक्कर मार दी थी। टक्कर लगने पर अब्दुल समद का सात साल का बेटा फरहान मौके पर ही खत्म हो गया था। जबकि अब्दुल समद, पत्नी व दूसरा बेटा भी घायल हो गए थे।
अब्दुल समद की हालत गंभीर थी। बह बीते एक माह से जिंदगी व मौत के बीच झूल रहे थे। मंगलवार की देर रात अब्दुल समद ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। परिजनों को देर रात सूचना मिली तो वे फूट फूट कर रोने लगे। परिजन रात को ही दिल्ली के लिए रवाना हो गए थे। एक माह के भीतर पिता-पुत्र की मौत से परिजन व ग्रामीण शोकाकुल हैं।