जोया। ट्रक में सामान लादकर चालक के साथ कोलकाता गए जोया निवासी अमान (21) की सड़क हादसे में मौत हो गई। जानकारी मिलने पर परिजन कोलकाता के लिए रवाना हो गए।
अमान जोया के मोहल्ला इकबाल नगर के रहने वाले आसिफ उर्फ लाला के बेटे थे। चार भाइयों में सबसे छोटे अमान ट्रक मालिक थे। परिजनों के मुताबिक सोमवार को चालक के साथ अमान ट्रक में सामान लादकर कोलकाता के लिए निकले थे। वहां पहुंचने के बाद दुर्गापुर के करीब ट्रक का टायर पंचर हो गया।
अमान ट्रक चालक के साथ मिलकर टायर चेंज कर रहे थे। तभी पीछे से आ रहे डंपर ने टक्कर मार दी। इस दौरान ट्रक का चालक केबिन से कुछ निकल रहा था जबकि टक्कर लगने के बाद अमान ट्रक के नीचे दब गए। स्थानीय लोगों ने अमान को अस्पताल में भर्ती कराया जहां डॉक्टर ने उन्हें मृृत घोषित कर दिया।
अस्पताल के डॉक्टर ने ही अमान के परिजनों को फोन कर हादसे की जानकारी दी। इसके बाद पिता आसिफ उर्फ लाला और बड़े भाई मोहम्मद हाशिम शव लाने के लिए कोलकाता के लिए रवाना हो गए। डिडौली पुलिस ने हादसे की जानकारी से मना किया है।