उझारी। ट्रैक्टर के पीछे लगी ट्राॅली के टूल बॉक्स पर बैठा कपिल कसाना (20) अचानक गिर गया और ट्रॉली के ही पहिये से कुचलकर उसकी मौत हो गई। बिना किसी कानूनी कार्रवाई के ही शव के अंतिम संस्कार की तैयारी की जा रही है।
सैदनगली थानाक्षेत्र के गांव हीसखेड़ा निवासी किसान विकल सिंह का बेटा कपिल कसाना (20) रविवार सुबह चाचा कमल सिंह के साथ ट्रैक्टर-ट्राॅली से बजरपुट लेने उझारी की ओर जा रहा था। ट्रैक्टर कमल सिंह चला रहे थे जबकि कपिल ट्राॅली के टूल बॉक्स पर बैठा था। रास्ते में झटका लगने पर कपिल नीचे गिर गया और उसके ऊपर से ट्राॅली का पहिया उतर गया। घायल हालत में कपिल को रविवार शाम हायर सेंटर के लिए रेफर कर दिया। मेरठ ले जाते समय रास्ते में उसकी मौत हो गई। परिजनों ने बिना किसी कानूनी कार्रवाई के ही शव का अंतिम संस्कार करने की तैयारी की जा रही है। कपिल तीन भाइयों में दूसरे नंबर का था। उसकी अभी शादी नहीं हुई थी। सीओ दीप कुमार पंत ने बताया कि घटना की कोई जानकारी नहीं मिली है।