नौगावां सादात। गर्मी के बीच शिकरिया पुल के नीचे रामगंगा पोषक नहर में दोस्तों के साथ नहाने गया मोहम्मद सैफ (18) बह गया। घटना के बाद युवक के दोस्त उसे पानी में संघर्ष करते छोड़कर मौके से भाग निकले।
सूचना पर पहुंची पुलिस, स्थानीय गोताखोरों और एसडीआरएफ टीम ने कई घंटे तक सर्च ऑपरेशन चलाया, लेकिन देर शाम तक युवक का कोई सुराग नहीं लग सका। घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। मोहम्मद सैफ थानाक्षेत्र के गांव कलामपुर निवासी किसान मसलूम खां का बेटा है।
मोहम्मद सैफ मुंबई में किराना की दुकान चलाता है। बकरीद के त्योहार को लेकर मुंबई से घर आया हुआ था। बुधवार सुबह करीब 10:30 बजे मोहम्मद सैफ अपने दोस्तों के साथ शिकरिया पुल के पास रामगंगा पोषक नहर में नहाने गया था।
नहाते समय मोहम्मद सैफ अचानक गहरे पानी में चला गया और तेज बहाव के कारण वह बाहर नहीं निकल सका। एसडीआरएफ टीम को बुलाया गया और करीब पांच से छह घंटे तक लगातार सर्च ऑपरेशन चलाया गया। सीओ अवधभान भदौरिया ने बताया कि युवक की तलाश जारी है और एसडीआरएफ व गोताखोरों की टीम लगातार प्रयास कर रही है। वहीं, परिजन नहर किनारे बैठे अपने बेटे के सकुशल मिलने की उम्मीद लगाए हुए हैं। संवाद