गजरौला। बुखार से तिगरी निवासी अशोक (42) की मौत हो गई। उनकाे तीन दिन पूर्व बुखार आया था। हालत में सुधार नहीं होने के कारण परिजन मेरठ में ले गए थे।
सीएचसी क्षेत्र के गांव तिगरी निवासी अशोक को तीन दिन पूर्व बुखार आया। आसपास दिखाया लेकिन सुधार नहीं हुआ। जिस पर परिजन उनको मेरठ ले गए। यहां मंगलवार शाम उनकी मौत हो गई। ग्रामीणों का कहना है कि मेरठ में प्लेटलेट्स कम हो जाने पर चिकित्सकों ने डेंगू से मौत की बात कही थी। परिजन रात में ही शव को घर ले आए। बुधवार सुबह गांव के सामने श्मशान घाट पर उनका अंतिम संस्कार कर दिया गया। इकलौते बेटे की मौत से 87 वर्षीय पिता ओम प्रकाश का रो-रोकर बुरा हाल है।
सलारपुर खालसा में लगे स्वास्थ्य शिविर में मिले दो डेंगू संदिग्ध
अमरोहा। सीएमओ डॉ. सतपाल के निर्देश पर ब्लॉक जोया के गांव सलारपुर खालसा में एक स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। इसमें 53 लोगों का परीक्षण किया गया। जांच के दौरान 18 रोगी बुखार के पाए गए। सभी बुखार से ग्रस्त रोगियों की डेंगू, मलेरिया तथा टाइफाइड की जांच की गई। दो रोगी डेंगू के आशंकित पाए गए। एक रोगी टाइफाइड से ग्रस्त मिला। गांव में ग्राम प्रधान के माध्यम से लार्वी साइडल का छिड़काव कराया गया। स्कूली बच्चों तथा ग्रामीणों को संचारी रोग तथा डेंगू से बचाव के बारे में स्वास्थ्य टीम ने जागरूक किया। शिविर में स्वास्थ्य टीम में डॉ. मिराज, डॉ. जमशेद, समूल चौधरी आदि ने सहयोग दिया। संवाद