मंडी धनौरा (अमरोहा)। बिजनौर जा रहे युवक की ट्रेन की चपेट में आकर मौत हो गई। ट्रेन में चढ़ते समय उनका पैर फिसल गया था। प्लेटफॉर्म पर मौजूद लोगों के शोर मचाने पर लोको पायलट ने ट्रेन रोकी। काफी मुश्किल से शव को बाहर निकाला गया। सूचना पर परिजन भी मौके पर आ गए। घटना शुक्रवार की रात करीब 10.30 बजे की है।
माेहल्ला महादेव निवासी प्रमोद कुमार प्रजापति 30 साल शुक्रवार की रात बिजनौर जाने के लिए घर से निकले थे। उनको गजरौला से चलकर नजीबाबाद जाने वाली ट्रेन से जाना था। ट्रेन आने पर वह उसमें चढ़ने लगे। अचानक ट्रेन चल दी। मौके पर मौजूद लोगों ने बताया कि चढ़ते समय उनका पैर फिसल गया और ट्रेन के पहिये के नीचे आकर उनकी मौके पर ही मौत हो गई। काफी मशक्कत के बाद उनका शव बाहर निकाला गया। सूचना मिलने पर विलाप करते हुए परिजन मौके पर आ गए। परिजनों ने बताया कि प्रमोद निजी काम से बिजनौर जा रहे थे। सूचना मिलने पर थाना पुलिस व जीआरपी भी मौके पर आ गई थी। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।