अमरोहा। देहात थानाक्षेत्र के हुसैनपुरा के जंगल में ट्रेन की चपेट में आकर नर तेंदुए की मौत हो गई। मौके पर पहुंची वन विभाग की टीम ने जांच पड़ताल की। तेंदुए को प्रभागीय वनाधिकारी कार्यालय लाया गया। यहां पोस्टमार्टम कराने के बाद दाह संस्कार कर दिया। पोस्टमार्टम में सिर में गहरी चोट लगने से मौत की पुष्टि हुई है।
शनिवार की सुबह हुसैनपुरा गांव के जंगल में रेलवे ट्रैक के पास तेंदुए का शव पड़ा मिला। तेंदुए के मुंह से खून बह रहा था। थोड़ी देर में स्थानीय लोगों की भीड़ जमा हो गई। यह तेंदुआ पिछले कुछ दिन से आसपास के इलाके में देखा जा रहा था। सूचना मिलते ही डीएफओ विनीता सिंह के निर्देश पर वन विभाग की टीम मौके पर पहुंच गई और जांच पड़ताल की। वन विभाग की टीम ने आसपास के लोगों से पूछताछ भी की। इसके बाद तेंदुए को प्रभागीय वनाधिकारी कार्यालय लाया गया और तीन डॉक्टरों के पैनल ने तेंदुए के शव का पोस्टमार्टम किया। डीएफओ ने बताया कि मृतक तेंदुए की उम्र करीब तीन साल है और वह नर है। ट्रेन से टकराने के बाद तेंदुए की मौत हुई है, उसके सर पर चोट लगी हुई थी। उम्मीद है कि तेंदुआ रेलवे ट्रैक से गुजर रहा होगा, तभी वह ट्रेन की चपेट में आ गया। अधिकारियों की मौजूदगी में तेंदुए को दाह संस्कार करा दिया गया है।