मुंबई से बैनामा कराई महिला को उसकी सौतेली बेटी और पति ने घेर लिया। गाली-गलौज करके मारपीट की। दोनों पक्षों ने एक दूसरे के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराने के लिए तहरीर दी है।
मंगलवार दोपहर को यह मामला तहसील परिसर का है। कस्बे के मोहल्ला फखरपुरा निवासी सैयद हसन आब्दी की तीन शादियां हुई थी। पहली पत्नी यासमीन से कोई संतान नहीं तो उन्होंने दूसरे शादी गोलो से की। गोलो से एक बेटी निदा हसन है। बाद में अनबन होने गोलो को तलाक देकर तीसरी शादी गुल बानों से की थी। गुल बानो इन दिनों मुंबई में रहती हैं। उनके साथ बेटा तारिक हसन भी रहता है। निदा हसन की शादी कस्बे के ही मोहल्ला गूला तालाब के कंबर अली से हुई है।
आरोप है कि गुल बानो पैतृक मकान को बेचने के लिए तहसील आई थी। वह खरीदार शबाब आलम एडवोकेट के चेंबर पर बैनामा के कागजात तैयार करा रही थीं। इसी दौरान निदा हसन परिजनों के साथ तहसील पहुंची और बैनामा कराने का विरोध करते हुए हंगामा कर दिया। हंगामा होने पर एसडीएम सुनीता सिंह और तहसीलदार लकी सिंह मौके पर पहुंचीं और दोनों पक्षों का समझाने का प्रयास किया। इसी दौरान पुलिस को बुला लिया।
हालांकि, हंगामे के बीच बैनामा शबाब आलम एडवोकेट के पक्ष में करा दिया गया। दोनों पक्षों ने एक दूसरे के खिलाफ मारपीट व गाली-गलौज का आरोप लगाकर तहरीर दी। प्रभारी निरीक्षक सुनील कुमार ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। सीसीटीवी फुटेज भी जुटाए हैं। जांच के बाद अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।