चुचैला कलां में महिला की मौत पर जाम लगाते ग्रामीण
मंडी धनौरा (अमरोहा)। पति के साथ बाइक से मठ पर प्रसाद चढ़ाकर घर लौट रही सुनीता (55) को पीछे से तेज रफ्तार ट्रक ने टक्कर मार दी। चालक करीब 100 मीटर तक महिला का घसीटता ले गया। ट्रक के पहिये के नीचे कुचलकर उनकी मौत हो गई। वहीं, पति मुनेश घायल हो गए। उधर, घटना के बाद ट्रक लेकर भाग रहे चालक को ग्रामीणों ने पकड़ लिया और पुलिस को सौंप दिया। घटना के विरोध में लोगों ने रोड पर जाम भी लगा दिया। हालांकि, पुलिस के आश्वासन पर खोल दिया।
बछरायूं थानाक्षेत्र के गांव मिलक निवासी मुनेश सोमवार सुबह पत्नी सुनीता के साथ बाइक से बिजनौर के हल्दौर स्थित एक मठ पर प्रसाद चढ़ाने के लिए गए थे। दोपहर में पति-पत्नी बाइक से घर लौट रहे थे। दोनों गांव चुचैला कलां के पास पहुंचे तो पीछे से आ रहे एक तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक में टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही सुनीता बाइक से नीचे गिर गई और ट्रक में फंस गई।
इस बीच चालक ट्रक को रोकने के बजाय दौड़ाने लगा। ऐसे में ट्रक में फंसी सुनीता भी करीब 100 मीटर तक ट्रक के साथ घसीटते हुए चली गई और ट्रक के पहिये के नीचे कुचलकर सुनीता की मौत हो गई जबकि टक्कर लगने से महिला के पति मुनेश भी घायल हो गए। उधर, आसपास के लोग भी शोर मचाते हुए ट्रक के पास पहुंचे। ग्रामीणों ने महादेव चुंगी के पास चालक को पकड़ लिया। घटना से आक्रोशित ग्रामीण हंगामा करने लगे और रोड पर जाम लगा दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने ग्रामीणों को कार्रवाई का आश्वासन दिया जिसके बाद लोग शांत हुए। उधर, पुलिस ने चालक और ट्रक को कब्जे में लिया है।