फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Amroha News: पराली से भरी ट्रॉली में लगी आग, हाईवे पर एक घंटे तक लगा जाम

विज्ञापन
विज्ञापन
डिडौली (अमरोहा)। कोतवाली क्षेत्र के नेशनल हाईवे पर गांव बुढ़नपुर के पास बुधवार की रात उस समय हड़कंप मच गया, जब पराली से भरी ट्रॉली में अचानक भीषण आग लग गई। आग की लपटें इतनी तेज थीं कि दूर से ही धुएं का गुबार दिखाई देने लगे। अग्निकांड का वीडियो भी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुआ। इस दौरान हाईवे पर एक घंटे तक जाम के हालात बने रहे।
विज्ञापन


पुलिस के मुताबिक पीलीभीत जनपद के नूरिया थानाक्षेत्र के गांव आराजी बोराख निवासी सतनाम ट्रैक्टर-ट्रॉली में रुद्रपुर से पराली के गट्ठर लादकर गाजियाबाद की एक फैक्टरी में लेकर जा रहे थे। रात करीब 2:30 बजे अचानक ट्रॉली में आग लग गई। आग लगते ही चालक ने किसी तरह अपनी जान बचाई और आसपास के लोगों को सूचना दी। देखते ही देखते आग ने पूरी ट्रॉली को अपनी चपेट में ले लिया, जिससे हाईवे पर अफरा-तफरी मच गई।
आग की वजह से यातायात भी प्रभावित हुआ और दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। चालक ने हिम्मत दिखाते हुए ट्रैक्टर को ट्राॅली से अलग कर जलने से बचा लिया। मौके पर मौजूद लोगों ने तुरंत पुलिस और फायर ब्रिगेड को सूचना दी।
विज्ञापन

सूचना मिलते ही डिडौली कोतवाली पुलिस और दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची। फायर कर्मियों ने कड़ी मशक्कत करते हुए करीब एक घंटे बाद आग पर काबू पाया। हालांकि, तब तक ट्रॉली में लदी पराली जलकर राख हो चुकी थी और ट्रॉली को भी काफी नुकसान पहुंचा। आग बुझाने के बाद पुलिस ने क्रेन की मदद से जली हुई ट्रॉली को हाईवे से हटवाया, जिसके बाद यातायात को धीरे-धीरे सामान्य कराया गया।
इस दौरान काफी देर तक हाईवे पर जाम की स्थिति बनी रही, जिससे यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा। गनीमत यह रही कि इस हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई। फिलहाल आग लगने के कारणों का स्पष्ट पता नहीं चल सका है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
विज्ञापन

विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें