अमरोहा। त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के तहत चल रहे वार्डों के अनंतिम परिसीमन के लिए शनिवार को अंतिम दिन तक जिला पंचायत व क्षेत्र पंचायत के वार्डों के लिए कुल 63 आपत्ति दर्ज कराई गई हैं। अब आपत्तियों का निस्तारण कर अंतिम सूची का प्रकाशन किया जाएगा।
पंचायत चुनाव की तैयारियाें के लिए 18 जुलाई से 22 जुलाई तक जनसंख्या अवधारण सुनिश्चित किया गया था। जिसके बाद 23 से 28 जुलाई तक ग्राम पंचायत, क्षेत्रपंचायत व जिला पंचायत के प्रस्तावित सूची की तैयारी और उसका प्रकाशन हुआ था। जिसके तहत ग्राम पंचायतों के कुल वार्ड 6748, क्षेत्र पंचायत के 653 व जिला पंचायत के 26 वार्डों की अनंतिम सूची जारी की गई है।
अमरोहा नगर पालिका का दायरा बढ़ने पर उसमें शामिल हुई 21 पंचायतों के कम होने के कारण इस बार वार्डों की संख्या में कमी आई है।
अनंतिम सूची जारी होने के बाद 29 जुलाई से दो अगस्त तक आपत्तियां लेने की प्रक्रिया चल रही थी। दो अगस्त तक कुल 63 आपत्ति दर्ज की गई हैं। जिसमें छह आपत्ति क्षेत्र पंचायत के वार्ड जबकि 57 आपत्ति जिला पंचायत के वार्डों के लिए दर्ज की गई हैं। शनिवार को बड़ी संख्या में लोग आपत्ति दर्ज कराने के लिए डीपीआरओ कार्यालय पहुंचे। डीपीआरओ पारूल सिसोदिया ने बताया कि सोमवार से आपत्तियों के निस्तारण की कार्रवाई शुरू की जाएगी।