अमरोहा। ड्यूटी के दौरान निहत्थे पुलिसकर्मियों की गोली मारकर हत्या और जानलेवा हमला करने वाले दो हिस्ट्रीशीटरों को पुलिस ने मुठभेड़ में ढेर कर दिया था। इतना ही नहीं संभल के चंदौसी में दो सिपाहियों की हत्या कर भागे बदमाश कमल को भी अमरोहा पुलिस ने ही ढेर किया था।
अलग-अलग हुईं तीन सनसनीखेज घटनाओं को लोग आज भी नहीं भूले हैं। बदमाशों की गोली से शहीद हुए जांबाज पुलिसकर्मियों को आज भी याद किया जाता है। तत्कालीन एसपी विपिन ताडा के नेतृत्व में मार गिराए गए तीनों बदमाशों में दो अमरोहा के हिस्ट्रीशीटर भी शामिल थे।
22 नवंबर 2018 की रात करीब साढ़े ग्यारह बजे हसनपुर कोतवाली के तत्कालीन दरोगा पवन कुमार पाठक हमराही सिपाही अंकुर कुमार, धनुज कुमार और संजय चौहान के साथ कोतवाली के पीछे की तरफ गश्त पर निकले थे। ईदगाह रोड से पहले ही दो व्यक्ति सड़क किनारे संदिग्ध अवस्था में खड़े थे। गाड़ी रोककर दरोगा पवन कुमार ने टोका तो एक बदमाश ने दरोगा को गोली मार दी थी। गोली उनके सीने में लगी।
गोली मारने के बाद बदमाश जंगल की तरफ भाग गए थी। सिपाहियों ने मामले की जानकारी कंट्रोल रूम को दी थी। जहां से वायरलेस से मैसेज पास कर पूरे जिले की पुलिस को अलर्ट कर दिया गया। तुरंत ही सैदनगली और आदमपुर समेत कई थानों की पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। बदमाशों की तलाश शुरू की गई तो दीपपुर की तरफ जाने वाले रास्ते पर बदमाश दिखाई दिए। पुलिस ने उन्हें पकड़ने की कोशिश की तो बदमाशों ने फायरिंग शुरू कर दी। इस दौरान सिपाही धनुज कुमार के हाथ में गोली लग गई थी। इसके बाद पुलिस ने एक बदमाश को चारों तरफ से घेर कर फायरिंग की, जिसमे नौगांवा सादात के खेड़ा अपरौला का रहने वाला बदमाश इंतजाम उर्फ भूरा ढेर हो गया था।
एनकाउंटर में मारे गए हिस्ट्रीशीटर इंतजाम उर्फ भूरा पर लूट, डकैती और हत्या समेत 14 मुकदमे दर्ज थे। इसके बाद 17 जनवरी 2019 की शाम बछरायूं थाना पुलिस की टीम गांव इंद्रपुर में हिस्ट्रीशीटरों का सत्यापन करने गई थी। जहां हिस्ट्रीशीटर शिवअवतार यादव ने सिपाही हर्ष चौधरी को गोली मारकर हत्या कर दी थी। सिपाही को मुरादाबाद के टीएमयू में भर्ती कराया गया था। जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया था।
सिपाही के शहीद होने की चर्चा सूबे में फैल गई थी। तत्कालीन आईजी रमित कुमार और एसपी डॉ. विपिन ताडा टीएमयू में सिपाही के देखने पहुंचे थे। जबकि तत्कालीन एडीजी प्रेम प्रकाश और तत्कालीन डीजीपी ओपी सिंह भी एसपी डॉ. विपिन ताडा से फोन पर घटना के पल-पल की अपडेट ले रहे थे। इसके बाद पुलिस ने जवाबी फायरिंग में कुख्यात हिस्ट्रीशीटर शिवअवतार यादव को भी ढेर कर दिया था। हिस्ट्रीशीटर शिव अवतार पर बीस से ज्यादा मुकदमे दर्ज बताए गए थे।