अमरोहा। तिगरी गंगा मेले में श्रद्धालुओं के उपचार के लिए स्वास्थ्य विभाग दस बेड का अस्थायी अस्पताल बनाएगा। आपात स्थिति में मरीजों को तत्काल उपचार देने के लिए हाईवे, गजरौला से तिगरी मार्ग और मेला स्थल पर एंबुलेंस तैनात की जाएंगी।
15 नवंबर से शुरू होने वाले मेले में 24 नवंबर को मुख्य गंगा स्नान होगा। प्रशासन ने तैयारियां शुरू कर दी हैं। मेला स्थल को 22 सेक्टर में बांटा जाएगा। करीब 40 लाख श्रद्धालुओं के पहुंचने का अनुमान है। प्रत्येक वार्ड में वाच टावर भी बनाया जाएगा।
श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए गजरौला सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर भी विशेष स्वास्थ्य व्यवस्थाएं की जाएंगी। अस्थायी अस्पताल में चिकित्सकों की ड्यूटी लगाने के साथ सभी जरूरी दवाओं का प्रबंध रहेगा। सीएमओ डॉ. रमाकांत सागर ने बताया कि मेला स्थल और मुख्य मार्गों पर एंबुलेंस तैनात रहेंगी, ताकि जरूरत पड़ने पर श्रद्धालुओं को समय पर उपचार मिल सके।
.......
पशुओं के लिए बनाया जाएगा अस्पताल
अमरोहा। तिगरी मेला स्थल पर पशुओं के लिए भी एक अस्थाई अस्पताल बनाया जाएगा। मेले में बड़ी संख्या में श्रद्धालु भैंसा बुग्गी और बैलगाड़ी से भी जाते हैं। मेले में आने वाले पशुओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो, उसके लिए अस्पताल बनाया जाएगा। जहां पर पशु चिकित्सक तैनात किए जाएंगे।
.......