गजरौला। तांत्रिक ने पिता की डांट से क्षुब्ध पड़ोसी की बेटी को बहलाया फुसलाया। उसके परिवार को तांत्रिक क्रिया के जरिए वश में करने के लिए पड़ोसी की बेटी से 80 हजार रुपये और सोने-चांदी के आभूषण ठग लिए। पुलिस ने आरोपी तांत्रिक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है।
नगर के एक मोहल्ला निवासी नागरिक का कहना है कि कई दिन पूर्व उसने अपनी बेटी को डांट दिया था। पड़ोसी तांत्रिक ने उसकी बेटी को तंत्र क्रिया से परिवार को वश में करने का झांसा दिया। उसने उसकी बेटी से 80 हजार रुपये चार सोने के कंगन, एक सोने की अंगूठी, सोने की जंजीर और चांदी की पायल ले ली। 25 फरवरी-26 को उसकी पत्नी ने अलमारी खोली तो उसमें सोने-चांदी के उपरोक्त आभूषण नहीं मिले। उसने बेटी से कड़ाई से पूछताछ की। जिस पर उसने अपनी मां को बताया कि उससे सोने-चांदी के आभूषण तांत्रिक तनवीर ने ले लिए हैं। नागरिक ने तांत्रित से आभूषणों की जानकारी की। आरोप है कि उसने गाली गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी। नागरिक की तहरीर पर पुलिस ने आरोपी तांत्रिक तनवीर के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है। इंस्पेक्टर मनोज कुमार का कहना है कि रिपोर्ट दर्ज कर ली गई हैै। जांच कर कार्रवाई की जाएगी।