अमरोहा। गजरौला के योगेंद्र सिंह क्रिकेट एकेडमी मैदान में विंटेज टाइटंस ने एटूआर पैंथर को 57 रन से शिकस्त दी। शुभम सैनी ने 72 गेंदों पर नाबाद 122 रन की आतिशी पारी खेलने के साथ दो विकेट लेकर टीम की जीत में अहम भूमिका निभाई। उन्होंने पांच चौके और 12 छक्के लगाए।
शुरुआती विकेट जल्दी गिरने के बाद शुभम ने मोर्चा संभाला और उनकी पारी के दम पर विंटेज टाइटंस ने 20 ओवर में चार विकेट खोकर 170 रन बनाए। नरेश ने 10 और आरवी ने आठ रन बनाए। एटूआर पैंथर की ओर से पर्व चौहान ने दो विकेट लिए।
171 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी एटूआर पैंथर की शुरुआत खराब रही। आयुष ने 45 गेंदों पर चार चौकों और एक छक्के की मदद से 40 रन, जबकि अभय सिंह चाहल ने 21 गेंदों पर दो छक्कों के साथ 27 रन बनाए। अन्य बल्लेबाज बड़ी साझेदारी नहीं कर सके और टीम 20 ओवर में आठ विकेट खोकर 113 रन ही बना सकी।
विंटेज टाइटंस की ओर से शुभम सैनी ने तीन ओवर में 18 रन देकर दो, आरवी ने तीन ओवर में 10 रन देकर दो विकेट लिए। हरविंदर सिंह और विष्णु राणा को एक-एक विकेट मिला। इस तरह विंटेज टाइटंस ने 57 रन से मुकाबला अपने नाम किया।