गजरौला। अनिरुद्ध व रतनपाल भाटी की हत्या करने के मास्टर माइंड अशोक सहित चार बदमाशों पर 50-0 हजार रुपये का इनाम घोषित किया जाएगा। इसकी रिपोर्ट एसपी के माध्यम से आला अफसरों को भेज दी गई है। उधर 14 साल पुराने मामले में मेरठ न्यायालय में आत्मसमर्पण करने वाले अंकुर उर्फ बोलू के गजरौला थाना पुलिस ने बी वारंट दाखिल कर दिए हैं। जल्द ही उसे अमरोहा जिले की अदालत में लाया जा सकता है।
सिंभावली थाना क्षेत्र के बिरसिंहपुर निवासी अशोक पर गांव के ही विनय, कपिल, दिनेश, गजरौला थाना क्षेत्र के मुरादपुर निवासी जितेंद्र भड़ाना, हापुड़ जिले के गढ़मुक्तेश्वर थाना क्षेत्र के नया गांव निवासी चंद्रपाल, हैदरपुर निवासी सुरेंद्र व उसके भाई सुरजन और मेरठ के किठौर थाना क्षेत्र के सारंगपुर निवासी अब्बास, भड़ौली निवासी अंकुर उर्फ बाेलू के साथ मिल कर गुलालपुर में दोहरे हत्याकांड को अंजाम देने का आरोप है।
यह बात पुलिस की विवेचना के दौरान सामने आई। पुख्ता सबूत मिलने पर पुलिस ने जितेंद्र भड़ाना, अब्बास, चंद्रपाल और सुरेंद्र को 14 अक्तूबर को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। बिरसिंहपुर निवासी राशन डीलर दिनेश को गिरफ्तार किया जा चुका है, जबकि अंकुर उर्फ बोलू ने 14 साल पुराने मामले में मेरठ में आत्मसमर्पण कर दिया। दोहरे हत्याकांड के मास्टर माइंड अशोक, विनय, कपिल, सुरजन पुलिस के हाथ नहीं लगे हैं। पुलिस ने चारों को भगौड़ा घोषित कर दिया। उनके खिलाफ गैर जमानती वारंट भी जारी कर दिए हैं। चारों पर 50-50 हजार रुपये का इनाम घोषित किया जाएगा। इसके लिए एसपी के माध्यम से आला अफसरों को रिपोर्ट भेजी गई है। इनाम की राशि जल्द घोषित हो सकती है। सीओ श्वेताभ भास्कर ने इसकी पुष्टि की है।
दोहरे हत्याकांड को अंजाम देने में नाम सामने आने पर मेरठ के भड़ौली गांव निवासी अकुंर उर्फ बोलू ने मेरठ के न्यायालय में आत्म समर्पण कर दिया। उसके खिलाफ 2009 में मेरठ के दौराला निवासी कुशलवीर राठी को चाकू मारने का केस दर्ज था। जिसमें पुलिस उसे तलाश कर रही थी। पुलिस ने उसके खिलाफ दोहरे हत्याकांड में कार्रवाई के लिए बी वारंट दाखिल कर दिए। जिससे उसे मेरठ अदालत से अमरोहा की अदालत में लाने का रास्ता साफ हो गया।
इसके बाद पुलिस को मेरठ चक्कर लगाने की जरूरत नहीं पड़ेगी। सीओ श्वेताभ भास्कर का कहना है कि उसके खिलाफ बी वारंट दाखिल कर दिए गए हैं। अब उसे अमरोहा की अदालत में लाने का रास्ता साफ हो गया है। उधर सूत्रों का कहना है कि सुरजन भी न्यायालय में आत्म समर्पण करने की फिराक में है।