गजरौला। ऋतिक निवासी मायापुरी को फंदा लगाकर मारने के मामले में पुलिस ने दो नामजद सहित तीन के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है। पुलिस ने आरोपियों की गिरफ्तारी को दबिश दी, लेकिन हाथ नहीं लगे।
मायापुरी मोहल्ले के चामुंडा रोड निवासी हरिगोपाल द्वारा दर्ज कराई गई एफआईआर के मुताबिक वह और उनका बेटा ऋतिक 18 मई को धनौरा के मलनपुर गांव में शादी में गए थे। शाम को ऋतिक व सोनू बस से अहरौला तेजवन आकर उतरे। पैदल चलकर आंबेडकर नगर वाल्मीकि बस्ती में आए। यहां अजय के पास चारपाई पर बैठ गए। अजय का दोस्त और सोनू भी बैठे थे। उनका आरोप है कि ऋतिक की अजय से कोई बात हो गई। जिस पर अजय ने सोनू व अपने दोस्त के साथ मिलकर ऋतिक के साथ मारपीट करते हुए अंदर कमरे में ले गए। जहां पर फंदा लगाकर ऋतिक को मारकर चारपाई पर लिटा दिया। कुछ देर बाद परिजनों को जानकारी हुई। सूचना पाकर पुलिस मौके पर गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा था। पुलिस ने अजय, सोनू व अजय के दोस्त के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है। सीओ श्वेताभ भास्कर ने बताया कि केस दर्ज कर लिया गया है। गिरफ्तारी को दबिश दी जा रही है।