रजबपुर(अमरोहा)। मंगलवार की रात करीब 11 बजे हाईवे पर दौड़ती तेज रफ्तार प्राइवेट बस का अचानक ब्रेक फेल हो गया। इसके बाद बस आगे चल रहे रोडवेज बस में टकरा गई। हादसे में प्राइवेट बस का अगला हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया। बसों में सवार यात्रियों में चीखपुकार मच गई। गनीमत रही कोई यात्री गंभीर घायल नहीं हुआ। मौके पर पहुंची पुलिस से जांच पड़ताल की और मामूली रूप से घायल यात्रियों को प्राथमिक उपचार के बाद गंतव्य के लिए रवाना कर दिया गया। पुलिस ने क्षतिग्रस्त प्राइवेट बस को कब्जे में ले लिया है।
पुलिस के मुताबिक प्राइवेट बस दिल्ली के शास्त्री पार्क से बरेली की ओर जा रही थी जिसमें बस में लगभग 30 यात्री सवार थे। बस की रफ्तार 35 से 40 किमी प्रति घंटा के बीच थी। तभी अचानक बस का ब्रेक पैडल फेल हो गया, जिससे चालक बस पर नियंत्रण नहीं रख सका। अनियंत्रित बस सामने चल रही रोडवेज बस से पीछे से टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि प्राइवेट बस का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। गनीमत रही कि किसी यात्री को गंभीर चोट नहीं आई। कुछ यात्रियों को हल्की झटके और मामूली चोटें आईं, जिन्हें मौके पर ही प्राथमिक उपचार कराने के बाद गंतव्य के लिए रवाना कर दिया गया। इस दौरान जाम के हालात बने गए। पुलिस ने दोनों बसों को सड़क किनारे कराकर यातायात सामान्य करा दिया।
सीओ अभिषेक यादव ने बताया कि क्षतिग्रस्त प्राइवेट बस को पुलिस ने कब्जे में लेकर थाने में खड़ा करा दिया गया है। प्राथमिक जांच में बस का ब्रेक फेल होने की बात सामने आ रही है। मामले की जांच कर आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल, मामले में कोई तहरीर नहीं मिली है।