गजरौला(अमरोहा)। हाईवे पर गड्ढे में अचानक बाइक आ जाने के कारण उससे गिरे बिलारी के सहसपुर निवासी महेंद्र (40) पुत्र राजाराम को पीछे से आए ट्रक ने कुचल दिया। जिससे उनकी मौके पर मौत हो गई। वह दिल्ली में निजी कंपनी में काम करते थे। अपने बहनोई के साथ नोएडा से किसी कार्यक्रम से लौट रहे थे। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
बिलारी थाना क्षेत्र के गांव सहसपुर निवासी महेंद्र दिल्ली में एक कंपनी में नौकरी करते थे। बुधवार की रात वह परिजनों और रिश्तेदारों के साथ नोएडा किसी कार्यक्रम में शामिल होने गए थे। जहां से रामपुर के मिलक खानम निवासी बहनोई रामकुमार के साथ बाइक से घर लौट रहे थे। बाइक को रामकुमार चला रहे थे, जबकि महेंद्र पीछे बैठे थे। बाइक गजरौला थानाक्षेत्र की ब्रजघाट चौकी से करीब 300 मीटर गजरौला की दिशा में पहुंची थी। इस बीच हाईवे पर बने गड्ढे में पहिया जाने के कारण बाइक अनियंत्रित हो गई। जिस कारण महेंद्र नीचे गिर गए। तभी पीछे से आए ट्रक ने उन्हें कुचल दिया। हादसे में उनकी मौके पर मौत हो गई। हादसे की सूचना पाकर पुलिस मौके पर पहुंची। पीछे से मृतक के परिजन भी आ गए। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। सीओ श्वेताभ भास्कर का कहना है कि बाइक से गिर कर युवक की मौत का मामला सामने आया है। शव का पोस्टमार्टम करा दिया गया है।