अमरोहा। त्योहारी सीजन में सस्ते सामान और भारी छूट का लालच लोगों की जेब पर भारी पड़ सकता है। साइबर ठग नामी कंपनियों के लोगो, उत्पादों की तस्वीरों और आकर्षक विज्ञापनों के जरिए लोगों को निशाना बना रहे हैं। कहीं ढाई हजार रुपये के ड्राई फ्रूट 600 रुपये में देने तो कहीं मुफ्त शॉपिंग गिफ्ट कार्ड और वाउचर का लालच दिया जा रहा है। लिंक पर क्लिक करते ही ग्राहक फर्जी वेबसाइट पर पहुंच जाते हैं, जहां भुगतान कराकर रकम हड़प ली जाती है।
जिले में ऐसे तीन मामले सामने आए हैं। हसनपुर निवासी ताहिर, गजरौला निवासी शौकेंद्र सिंह और अमरोहा नगर निवासी रविंद्र सिंह ने साइबर सेल में शिकायत दर्ज कराई है। उनके फोन पर भी ऐसे मैसेज आए थे, लेकिन गनीमत रही कि उनकी रकम हड़पने से बच गई। पुलिस मामले की जांच कर रही है। एएसपी अखिलेश भदौरिया ने लोगों को फर्जी ऑफर से सतर्क रहने की सलाह दी है।
-
भारी छूट के नाम पर जल्द भुगतान का दबाव
त्योहारों पर ड्राई फ्रूट, मिठाई, कपड़े और उपहारों की खरीदारी बढ़ जाती है। इसी का फायदा उठाकर साइबर ठग सोशल मीडिया और अन्य ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर विशेष सेल के विज्ञापन वायरल करते हैं। इनमें सीमित समय के लिए ऑफर, कम कीमत और सीमित स्टॉक जैसी बातें लिखी जाती हैं। ग्राहकों को लगता है कि देर करने पर सस्ता सामान हाथ से निकल जाएगा। इसी जल्दबाजी में वे बिना जांच किए लिंक खोलकर ऑर्डर कर देते हैं और अग्रिम भुगतान कर बैठते हैं। इसके बाद न सामान पहुंचता है और न ही भुगतान की गई रकम वापस मिलती है।
-
असली कंपनी जैसी दिखती है फर्जी वेबसाइट
ठगी के लिए साइबर अपराधी नामी शॉपिंग ब्रांड की वेबसाइट से मिलते-जुलते पेज तैयार करते हैं। इनमें कंपनी का लोगो, उत्पादों की तस्वीरें, कीमत, रेटिंग और छूट का विवरण तक शामिल किया जाता है। इससे ग्राहक पहली नजर में असली और नकली वेबसाइट के बीच अंतर नहीं कर पाते। गिफ्ट कार्ड और वाउचर के नाम पर भी लोगों से भुगतान या बैंकिंग संबंधी गोपनीय जानकारी मांगी जा सकती है। ऐसे में केवल आकर्षक डिजाइन और ब्रांड का नाम देखकर किसी ऑफर पर भरोसा करना नुकसानदायक साबित हो सकता है।
-
ऑफर की जांच के बाद ही करें खरीदारी
एएसपी अखिलेश भदौरिया ने सलाह दी कि किसी भी विज्ञापन में दिए गए लिंक पर क्लिक करने के बजाय संबंधित कंपनी की आधिकारिक वेबसाइट या एप पर जाकर ऑफर की पुष्टि करें। बाजार मूल्य से बहुत कम कीमत पर सामान मिलने के दावे पर सावधानी बरतें। खरीदारी से पहले विक्रेता की विश्वसनीयता, ग्राहकों की समीक्षा और सामान वापस करने की शर्तें जांच लें। संदिग्ध वेबसाइट पर अग्रिम भुगतान करने से बचें और बैंक खाते, कार्ड या अन्य गोपनीय जानकारी साझा न करें। गिफ्ट वाउचर के लिए अतिरिक्त रकम या संवेदनशील जानकारी मांगने पर सतर्क हो जाएं।