हसनपुर (अमरोहा)। साइबर जालसाजों ने मजदूर को डिजिटल अरेस्ट कर खाते में दस हजार रुपये डलवा लिए। मामले की शिकायत पुलिस से की गई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
नगर के मोहल्ला मनापुर निवासी नरेश कुमार का पुत्र शंकर कुमार छत की सीलिंग का काम करता है। शंकर ने बताया कि शनिवार दोपहर करीब 12:15 बजे उसके मोबाइल नंबर अंजान नंबर से कॉल आया और खुद को पुलिस कर्मी बताते हुए कहा कि हम थाने से बोल रहे हैं। तुम्हारे खिलाफ ऑनलाइन रिपोर्ट दर्ज है। यदि तुम इस रिपोर्ट को खत्म कराना चाहते हो तो 16 हजार रुपये ऑनलाइन भेज दो। ऐसा फोन सुनकर शंकर कुमार डर गया और जालसाज द्वारा बताए गए नंबर पर फोन पे के माध्यम से दस हजार रुपये भेज दिए। कुछ समय बाद शंकर को खुद के साथ ही ठगी का अहसास हुआ तो उसने थाने पहुंचकर मामले की शिकायत की। अपराध निरीक्षक अमरपाल सिंह का कहना है कि मामले की जांच कराकर उचित कार्रवाई की जाएगी।