नगर में 13 करोड़ रुपये की लागत से विकास कार्य कराए जाएंगे। इनमें पालिका कार्यालय के नए भवन का निर्माण और डिजिटल लाइब्रेरी की स्थापना शामिल है। पालिका की ओर से प्रेषित प्रस्ताव को स्वीकृत कराने के लिए पालिकाध्यक्ष और अधिशासी अधिकारी जुट गए हैं।
कस्बा बछरायूं मेन रोड से हटकर बसा होने के कारण वहां अपेक्षित विकास नहीं हो पाया है। संकरी और तंग गलियों में बने पालिका कार्यालय तक पहुंचने में भी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। अब पालिका प्रशासन की ओर से नगर के विकास के लिए कार्ययोजना तैयार की गई है। कार्ययोजना पर करीब 13 करोड़ रुपये खर्च होने का अनुमान है। सीएम वैश्विक नगरोदय योजना के अंतर्गत शासन को विकास कार्यों का प्रस्ताव भेजा गया है।
अधिशासी अधिकारी दीपालिका यादव ने बताया कि प्रस्ताव में पालिका कार्यालय का नया भवन, थाना रोड पर स्थित पालिका की भूमि पर बच्चों के खेलने के लिए चिल्ड्रन पार्क का निर्माण, पुस्तकालय व डिजिटल लाइब्रेरी, ओपन जिम, बरात घर का निर्माण, टाउन हॉल का निर्माण, नगर पालिका क्षेत्र में रैन बसेरों का निर्माण, मोहल्ला पेशथाना में कर्बला तालाब पर घाट का कायाकल्प किया जाएगा। ईओ ने बताया कि चिल्ड्रन पार्क में स्मृति थीम, मनोरंजन का सामान व वेस्ट टू वंडर पार्क बनाया जाएगा। उनका कहना था कि कस्बे के युवाओं को उनके कंपटीशन की तैयारियों के लिए स्टडी रूम भी डिजिटल लाइब्रेरी में बनाया जाएगा। कार्यालय भवन के निर्माण पर अनुमानित ढाई करोड़ रुपये, चिल्ड्रन पार्क पर एक करोड़ 60 लाख रुपये, डिजिटल लाइब्रेरी पर एक करोड़ रुपये, बरातघर के निर्माण पर दो करोड़ 70 लाख रुपये, टाउन हॉल के निर्माण पर दो करोड़ 68 लाख रुपये व कर्बला तालाब पर घाटों के कायाकल्प पर दो करोड़ 15 लाख रुपये की लागत का अनुमान है।
- मुख्यमंत्री वैश्विक नगरोदय योजना के अंतर्गत प्रेषित कार्ययोजना के स्वीकृत होने पर नगर में ऐतिहासिक कार्य होंगे। इससे नगर में चार चांद लगेंगे और नागरिकों को भी लाभ मिलेगा।
राहत हसन, पालिकाध्यक्ष बछरायूं
- शासन को नगर के विकास के लिए कार्ययोजना प्रेषित की गई है। इससे नगर के विकास को और अधिक गति मिलेगी। -
दीपालिका यादव अधिशासी अधिकारी।