गांव कमालपुर जैद निवासी निसार अली की बेटी अदीबा (9) की तालाब में डूबने से मौत हो गई। घटना बृहस्पतिवार दोपहर की है। वह अपने दो भाइयों के साथ तालाब में नहाने गई थी। अदीबा गांव के ही स्कूल में कक्षा दो में पढ़ती थी। परिजनों ने बिना किसी कार्रवाई के ही शव सुपुर्द-ए-खाक कर दिया।
डिडौली कोतवाली क्षेत्र के गांव कमालपुर जैद में निसार अली का परिवार रहता है। उनके परिवार में पत्नी शायरून, तीन बेटे व दो बेटियां हैं। उनकी तीसरे नंबर की बेटी अदीबा कक्षा दो में पढ़ती थी, जो गांव के ही एक स्कूल में पढ़ने जाती थी। बृहस्पतिवार दोपहर अदीबा अपने छोटे भाई अर्श व चचेरे भाई सानिब के साथ गांव के तालाब पर नहाने गई थी।
अचानक वह तालाब में गहराई की ओर चली गई और डूबने लगी। बहन को डूबता देखकर दोनों भाई शोर मचाते हुए घर पहुंचे और परिजनों को इसकी जानकारी दी। इस पर परिजन व अन्य ग्रामीण दौड़कर तालाब पर पहुंचे।
परिजन तालाब पर पहुंचे तो वहां अदीबा का शव उतराता मिला। परिजनों ने बच्ची के शव को बाहर निकाला और घर लेकर पहुंचे। गमगीन माहौल में परिजनों ने बिना कानूनी कार्रवाई के शव को सुपुर्द-ए-खाक कर दिया। पुलिस ने घटना की जानकारी से इन्कार किया है।