अमरोहा। उर्दू दिवस और मशहूर शायर जौन एलिया की पुण्यतिथि पर शहर में अदब व शायरी की महफिल सजी। सांस्कृतिक संस्थाओं की ओर से आयोजित कार्यक्रमों में शायरों और साहित्य प्रेमियों ने जौन एलिया को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। उनके साहित्यिक योगदान और बेबाक अंदाज को याद करते हुए वक्ताओं ने उनके साथ जुड़ी यादें साझा कीं।
सांस्कृतिक संस्था बज्मे सादेकैन की ओर से मोहल्ला बगला स्थित कार्यालय पर मुशायरा आयोजित किया गया। इसकी अध्यक्षता डॉ. आतिफ खान ने की, जबकि संचालन अरमान साहिल ने किया। मुशायरे में फ़राज़ अर्शी, फरोग अहसन खान, अशरफ फराज, जिया काजमी, कौकब अमरोहवी, शाहनवाज तकी, सैफ आबिदी और सामी अमरोहवी ने अपना कलाम पेश कर वाहवाही बटोरी। अंत में रामिश वली ने सभी का आभार जताया।
वहीं, इलायची क्लब की ओर से आयोजित स्मरण सभा में जौन एलिया के पुराने साथी इंजीनियर एजाज हैदर, प्रोफेसर नाशिर नकवी और इस्लाम आलमी ने उनसे जुड़ी पुरानी यादें साझा कीं। सरदार प्रहलाद सिंह, नवाब मुराद अली खां, रजा कमाल नकवी, मास्टर महताब हुसैन, गुलजार अमरोहवी और महबूब जैदी ने भी विचार रखे। वक्ताओं ने कहा कि जौन एलिया की शायरी और उनका अनूठा अंदाज हमेशा साहित्य प्रेमियों के दिलों में जीवित रहेगा।