डिडौली। फैक्टरी में काम करते समय उल्टी आने के बाद मजदूर संतोष कुमार (35) की मौत हो गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच पड़ताल की। मजदूर की पत्नी और बच्चों का रो-रो कर बुरा हाल है।
मजदूर संतोष कुमार गजरौला थानाक्षेत्र के कुमराला गांव के रहने वाले बबलू सिंह के बेटे थे। उनके परिवार में पत्नी पूनम के अलावा तीन बेटे हैं। परिजनों के मुताबिक पिछले कुछ दिनों से संतोष कुमार डिडौली कोतवाली क्षेत्र में हाईवे स्थित फैक्टरी में मजदूरी करते थे। शनिवार की रात फैक्टरी में काम कर रहे थे, तभी अचानक उन्हें उल्टी हुई और वह बेहोश होकर गिर पड़े। फैक्टरी में काम कर रहे अन्य मजदूरों ने संतोष कुमार को अस्पताल में भर्ती कराया जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
सूचना मिलते ही इंस्पेक्टर हरीश वर्धन सिंह फोर्स के साथ मौके पर पहुंच गए और जांच पड़ताल की। जांच के बाद पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। सीओ सिटी अभिषेक यादव ने बताया कि संतोष कुमार के परिजनों ने किसी भी तरह का आरोप नहीं लगाया है। पोस्टमार्टम कराने के बाद शव को परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया है। मामले में पोस्टमार्टम रिपोर्ट और परिजनों की तहरीर के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।