पाकबड़ा(मुरादाबाद)। हाईवे पर शनिवार सुबह करीब आठ बजे लोदीपुर राजपूत स्थित डिजाइनको फैक्टरी के सामने गलत दिशा से आ रहे एक डंपर ने स्कूटी में टक्कर मार दी। हादसे में गजरौला स्थित वेंकटेश्वर विश्वविद्यालय के नर्सिंग स्टाफ के कर्मी संजय यादव (28) की मौके पर मौत हो गई।
हादसा उस समय हुआ जब संजय यादव अपनी सही दिशा में स्कूटी से विश्वविद्यालय जा रहे थे। तभी गलत दिशा से आ रहे मिट्टी से भरे डंपर ने स्कूटी में टक्कर मार दी। वह रामपुर के सैफनी के रहने वाले थे। पुलिस ने संजय के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
संजय के परिवार में माता-पिता और तीन भाई हैं संजय बड़े से छोटे थे। संजय की मां कुसुमा देवी का रोते-रोते बुरा हाल है। बड़े भाई विग्नेश गांव में ही दूध की डेयरी चलाते हैं। छोटा भाई पंकज यादव घर पर रहकर खेती करता है।
संजय यादव के पिता जगदीश सैफनी में खेती का काम करते हैं। संजय की पत्नी बबिता का रो-रो कर बुरा हाल है। संजय के चार साल के बेटे को अभी पता ही नहीं हुआ क्या है। जब पूरे परिवार को रोते देखता है तो वह रोने लगता है।