अमरोहा। ब्लॉक क्षेत्र के गांव मऊमयचक में गोशाला के पास 31 लाख रुपये की लागत से 60 घनमीटर क्षमता का गोबर गैस संयंत्र बनाया जाएगा। इसमें गोशाला के गोबर से गैस तैयार होगी, जिसका उपयोग गोशाला के साथ जरूरत के अनुसार ग्रामीण भी कर सकेंगे। इससे गोबर निस्तारण के साथ वैकल्पिक ऊर्जा भी मिलेगी।
हसनपुर क्षेत्र के सांथलपुर और ब्रह्माबाद में 25-25 घनमीटर क्षमता के संयंत्र पहले से संचालित हैं। शासन से मऊमयचक संयंत्र के लिए 31 लाख रुपये मंजूर होकर ग्राम पंचायत के खाते में आ चुके हैं। जल्द निर्माण शुरू होगा। जिला पंचायत राज अधिकारी नितिन कुमार ने बताया कि संयंत्र बनने के बाद गोशाला को गैस की आपूर्ति होगी और जरूरत के अनुसार ग्रामीणों को भी गैस दी जाएगी। संवाद