उझारी(अमरोहा)। घर से पशुओं को चराने निकले कक्षा चार के छात्र को भैंस की सवारी भारी पड़ गई। तालाब में भैंस के बैठने से छात्र की पानी डूबने से मौत हो गई। खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। परिजनों ने बगैर कानूनी कार्रवाई के शव को सुपुर्द ए खाक कर दिया है।
यह घटना सैदनगली थानाक्षेत्र के के मोहल्ला चौधरियान की है। यहां पर मंसूर अहमद का परिवार रहता है। उनका 11 वर्षीय बेटा अरकान कक्षा चार का छात्र है। परिजनों के मुताबिक शनिवार को अरकान पशुओं को लेकर ईदगाह के पास स्थित तालाब के किनारे पहुंचा था। इस दौरान अरकान एक भैंस के पीठ पर बैठ गया। तभी अचानक भैंस तालाब के अंदर जाने लगी। इससे पहले अरकान कुछ समझ पाता भैंस पानी में बैठ गई। जिसके बाद अरकान तालाब में भरे पानी मे डूब गया। यह देख कर अन्य साथियों ने शोर मचा दिया। तभी कुछ दूर पर स्थित मेंथा फैक्टरी पर काम कर रहे लोग मौके की तरफ दौड़े और उसे तालाब से बाहर निकाला। सूचना मिलते ही परिजन भी मौके पर आ गए। आनन-फानन में अरकान को लेकर सैदनगली के एक निजी अस्पताल पहुंचे। जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। अरकान छह भाई-बहनों में तीसरे नंबर का था। मां सलमा के अलावा परिवार के लोगों का रो-रो कर बुरा हाल है।