अमरोहा। मुठभेड़ में घायल 25 हजार का इनामी गोतस्कर हारून को बुधवार को पुलिस ने कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया है। मुठभेड़ के दौरान उसके पैर में गोली लगी थी, जबकि कोतवाल जितेंद्र बालियान भी हाथ में गोली लगने से घायल हो गए थे। उन्हें उपचार के बाद जिला अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है।
एसपी लखन सिंह ने बताया कि 20 अप्रैल की रात डिडौली क्षेत्र के गांव तवई के जंगल में गोवंशीय पशु वध की तैयारी की सूचना पर पुलिस ने छापा मारा था। इस दौरान आरोपियों ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी, जिसमें सिपाही दिलशाद घायल हो गया था। जवाबी कार्रवाई में गांव तवई निवासी बिलाल के पैर में गोली लगी थी, जबकि उसके पिता महजाद को गिरफ्तार कर लिया गया था। हालांकि उनका एक साथी हारून निवासी ढकिया थाना डिलारी मुरादाबाद मौके से फरार हो गया था। उसकी गिरफ्तारी पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया था। मंगलवार देर रात डिडौली पुलिस ने हारून को मुठभेड़ में गिरफ्तार कर लिया था। इस दौरान आरोपी हारून व कोतवाल जितेंद्र बालियान गोली लगने से घायल हो गए। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार हारून के खिलाफ अमरोहा और मुरादाबाद के विभिन्न थानों में गैंगस्टर एक्ट, गौवध अधिनियम और पशु क्रूरता से जुड़े छह प्राथमिकी दर्ज हैं। वहीं जानलेवा हमला, आर्म्स एक्ट समेत अन्य धाराओं में एक और प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है।