लॉरेंस शर्मा बुलंदशहर जिले के औरंगाबाद थाना क्षेत्र के तोमड़ी गांव के रहने वाले थे। उनके पिता प्रवीण कुमार शर्मा किसान हैं। जबकि, माता रजनी गृहणी हैं। परिवार के इकलौते बेटे लॉरेंस आईएएस बनना चाहते थे। इसके लिए वह यूपीएससी की तैयारी कर रहे थे। पुलिस के मुताबिक, लॉरेंस शर्मा रविवार को पीसीएस प्रारंभिक परीक्षा देने अमरोहा आए थे। रजबपुर क्षेत्र के नेहरू स्मारक इंटर कॉलेज में उनका पेपर था।
पहली पाली की परीक्षा देने के बाद लॉरेंस ने दूसरी पाली की परीक्षा भी दी। वहीं, जैसे ही लॉरेंस शर्मा पेपर छूटने के बाद केंद्र से बाहर निकले, तो अचानक बेहोश होकर गिर पड़े। केंद्र पर तैनात पुलिसकर्मियों ने उन्हें एंबुलेंस से सरकारी अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां, डॉक्टरों ने लॉरेंस को मृत घोषित कर दिया। लॉरेंस शर्मा की मौत की जानकारी मिलते ही देर शाम परिजन पोस्टमार्टम हाउस पहुंच गए। सीओ सिटी अरुण कुमार ने बताया कि परीक्षार्थी लॉरेंस शर्मा परीक्षा केंद्र के बाहर अचानक बेहोश हो गए थे, जिसके बाद उनकी मौत हो गई। परिजनों की तहरीर के आधार पर पोस्टमार्टम कराकर आगे की कार्रवाई की जाएगी।