हसनपुर। अस्थाई गोशाला परिसर में बिजली का तार टूटकर गिर गई। जिससे गोशाला परिसर में खड़े कैटल केचर में आग गई। मौके पर पहुंचे ग्रामीणों ने समय रहते आग पर काबू पा लिया। हालांकि किसी पशु को कोई नुकसान नहीं हुआ है।
हसनपुर ब्लॉक की ग्राम पंचायत मंगरौली में अस्थाई गोशाला बनी हुई है। यह गोशाला रहरा हसनपुर मार्ग किनारे कनेटा को जाने वाले मार्ग के बगल में है। गोशाला परिसर के ऊपर से हाईटेंशन लाइन गुजर रही है। शुुक्रवार की देरशाम करीब साढ़े सात बजे अचानक हाईटेंशन लाइन का तार टूटकर गोशाला के परिसर में गिर गया। जिसकी चपेट में आकर कैटल केचर में आग लग गई। घटना की सूचना मिलते ही ग्रामीणों की भीड़ एकत्र हो गई। बिजलीघर सूचना देकर लाइन कटवाई गई। इसके बाद ग्रामीणों ने किसी तरह से आग बुझाने की कोशिश की। बाद में दमकल कर्मी भी पहुंच गए और पूरी तरह से आग पर काबू पाया। सूचना मिलते ही एसडीएम हिमांशु उपाध्याय मौके पर पहुंच गए। एसडीएम ने बताया कि आग से किसी भी पशु को कोई क्षति नहीं पहुंची है। तार टूटने की वजह से कैटल केचर के टायर में आग लग गई। आग पर काबू पा लिया गया है। बिजली की लाइन सही कराई जा रही है।