देहात थाना क्षेत्र का रहने वाला आठवीं का छात्र मंगलवार को रेलवे स्टेशन पर खड़ी मालगाड़ी पर चढ़ गया। इसके बाद मालगाड़ी की छत पर खड़ा होने के दौरान ओएचई वायर से छू गया। हादसे में उसकी मौत हो गई। सूचना पर पहुंचे परिजनों ने बिना कार्रवाई शव घर ले गए और अंतिम संस्कार दिया।
देहात थाना क्षेत्र के नन्हेड़ा अल्यारपुर गांव निवासी प्रेम सिंह का 14 वर्षीय बेटा राजकुमार आठवीं का छात्र था। वह घंसूरपुर गांव के किसान उपकारक इंटर कालेज में पढ़ता था। बताते हैं कि कुछ दिन से वह मानसिक रूप से बीमार था। मंगलवार सुबह परिजनों की नजर बचते ही वह घर से निकल आया। कैलसा रेलवे स्टेशन पर खड़ी मालगाड़ी के ऊपर चढ़ गया।
जैसे ही वह ऊपर खड़ा हुआ, ऊपर से गुजर रही रेलवे की लाइन की चपेट में आकर उसकी मौत हो गई। छात्र की मौत की सूचना पर आरपीएफ और जीआरपी पहुंच गई। सूचना पर रोते बिलखते परिजन घटनास्थल पर पहुंच गए। बिना कार्रवाई शव घर ले गए। छात्र के शव का अंतिम संस्कार कर दिया गया।