अमरोहा। गर्मी के चलते बुखार और डायरिया के मरीज लगातार बढ़ते जा रहे हैं। बृहस्पतिवार को भी बुखार के 78 और डायरिया के 38 मरीज मिले हैं। जबकि 83 मरीजों को भर्ती कराया गया है। चिकित्सक गर्मी में बच्चों का खास ख्याल रखने की सलाह दे रहे हैं।
गर्मी का प्रकोप बढ़ने के साथ-साथ जिले में बुखार, डायरिया, उल्टी-दस्त और पेट दर्द के रोगियों की संख्या भी दिन प्रतिदिन बढ़ती जा रही है। इन बीमारियों की चपेट में सबसे अधिक बच्चे और बुजुर्ग आ रहे हैं। बीमारियों के कारण इस समय सरकारी अस्पताल सहित निजी अस्पतालों में मरीजों की भीड़ पहुंच रही है। मई माह में जो तापमान है, वह बीते दस साल में पहली बार उच्चतम पर पहुंचा है। मई माह में जून माह का भी रिकार्ड टूट गया है। गर्मी के चलते उल्टी-दस्त समेत अन्य बीमारियों के रोगियों में अप्रत्याशित बढ़ोतरी हुई है। दिन-प्रतिदिन बढ़ती गर्मी का असर अब लोगों के स्वास्थ्य पर भी दिख रहा है। जिला अस्पताल में आने वाले रोगियों की संख्या बढ़ गई है। इस समय गर्मी के चलते इन दिनों उल्टी-दस्त के रोगी बढ़े हैं।
जिला अस्पताल के चिकित्सा अधीक्षक डॉ. चरण सिंह ने बताया कि बृहस्पतिवार को कुल 699 मरीज ओपीडी में पहुंचे। जबकि 78 पुराने मरीजों ने भी दवाई ली है। इस दौरान बुखार के 78 मरीज पहुंचे जबकि 38 मरीज डायरिया के मिले।