अमर उजाला ब्यूरो
गजरौला।
समायोजन निरस्त होने से नाराज शिक्षामित्रों का कई दिन से जारी अनिश्चित कालीन धरना अभी समाप्त भी नहीं हुआ था कि प्रदेश आह्वान पर विभिन्न मांगों को लेकर जिले के परिषदीय शिक्षक-शिक्षिकाएं मंगलवार से दो दिन अमरोहा बीएसए कार्यालय पर धरना प्रदर्शन करेंगे। शिक्षमित्रों की लगातार हड़ताल के चलते पहले ही स्कूलों में शिक्षकों की भारी कमी खल रही थी इस स्कूलों में कार्यरत शिक्षक दो दिन हड़ताल पर रहने से परिषदीय स्कूलों कोई शिक्षक नहीं पहुंचेगा। शिक्षामित्रों व शिक्षकों के धरना प्रदर्शन के चलते जिले के परिषदीय स्कूलों की शिक्षा व्यवस्था पूरी तरह से पटरी से उतर चुकी हैं। लेकिन इसे लेकर विभाग कतई गंभीर नहीं है।
प्रदेश के परिषदीय स्कूलों की शिक्षा की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान देने का ढिढोंरा पीट रही योगी सरकार मौजूदा हालात में पूरी तरह से फैल होती दिखाई दे रही है। जिले में 1079 प्राथमिक विद्यालय हैं, जबकि 436 उच्च प्राथमिक विद्यालय है। वर्तमान में जिले में कार्यरत शिक्षकों की संख्या लगभग साढ़े चार हजार है। जबकि 1627 समायोजित शिक्षक भी थे जिनका समायोजन निरस्त हो चुका है। गौर करने वाली बात ये है कि परिषदीय विद्यालयों में जुलाई व अगस्त माह में बच्चों की पढ़ाई जोर पकड़ती है। लेकिन इस बार परिषदीय स्कूलों में पढ़ाई का नाम ही नहीं है। समायोजन निरस्त होने से नाराज शिक्षामित्र कई दिन पहले से ही हड़ताल पर चल रहे हैं। इससे परिषदीय स्कूलों में शिक्षकों की खासी कमी खल रही थी। जिससे शिक्षा व्यवस्था सुचारू रूप से नहीं चल पा रही थी। हैरानी की बात है कि अभी शिक्षामित्रों की हड़ताल खत्म होकर उन्होंने स्कूल जाना शुरू भी नहीं किया था कि विभिन्न मांगों को लेकर जिले के परिषदीय शिक्षक-शिक्षिकाएं सोमवार से दो दिन अमरोहा बीएसए कार्यालय पर धरना प्रदर्शन करेंगे। ऐसे में परिषदीय स्कूलों में दो दिन तक ताला लटकने की स्थिति बनेगी। क्योंकि बिना शिक्षक के बच्चे स्कूल में क्या करेंगे। इससे परिषदीय स्कूलों में शिक्षा की गुणवत्ता लगातार गिरती जा रही है।
-क्या कहतें है शिक्षक
-प्राथमिक शिक्षक संघ के जिलाध्यक्ष यशपाल सिंह ने बताया कि विभिन्न मांगों को लेकर प्रदेश आह्वान पर 22 व 23 अगस्त को सामूहिक अवकाश लेकर बीएसए कार्यालय पर धरना दिया जाएगा।
-प्राथमिक शिक्षक संघ गंगेश्वरी ब्लाक अध्यक्ष रामवीर सिंह ने बताया कि लगातार मांग के बावजूद भी शिक्षकों की मांगों को गंभीरता से नहीं लिया जा रहा है। 22 को धरना दिया जाएगा जबकि 23 को बीएसए कार्यालय से जुलूस के रूप में डीएम कार्यालय तक जाएंगे और डीएम को ज्ञापन सौंपा जाएगा। -संयुक्त शिक्षामित्र संघर्ष मोर्चा के जिलाध्यक्ष योगेश भड़ाना का कहना है कि जबतक सरकार द्वारा को आश्वासन नहीं दिया जाएगा। तबतक धरना जारी रहेगा।
मेरा अभी नया चार्ज है। शिक्षामित्र तो धरने पर हैं ही लेकिन बाकी शिक्षकों की हड़ताल की कोई जानकार नहीं है। यदि ऐसा है तो शिक्षक संगठन के जिम्मेदार पदाधिकारियों से वार्ता कर हल निकाला जाएगा। - गौतम प्रसाद, बीएसए अमरोहा।