जिले के पांच केंद्रों पर रविवार को राष्ट्रीय आय और योग्यता आधारित परीक्षा हुई। इसमें 66.89 फीसदी बच्चों ने परीक्षा में भाग लिया। परीक्षा में सफल होने वाले बच्चों को एक हजार मासिक की छात्रवृत्ति दी जाएगी।
आर्थिक रूप से कमजोर सभी वर्ग के विद्यार्थियों को पैसे के अभाव में शिक्षा से वंचित न होना पड़े, इसके लिए स्कूल शिक्षा और साक्षरता विभाग की ओर से राष्ट्रीय आय व योग्यता छात्रवृत्ति योजना संचालित की जा रही है। शैक्षिक सत्र 2025-26 में राष्ट्रीय आय एवं योग्यता आधारित छात्रवृत्ति परीक्षा में आठवीं कक्षा के 2087 छात्र-छात्राओं ने पंजीकरण कराया था। परीक्षा के लिए जिलेभर में पांच केंद्र बनाए गए थे। रविवार को सुबह 11 बजे से परीक्षा का आयोजन हुआ। इसमें कुल पंजीकृत 2087 बच्चों में कुल 1396 उपस्थित रहे। जबकि, 691 ने परीक्षा से किनारा कर लिया। राजकीय बालिका इंटर कॉलेज में 337, सिख इंटर कॉलेज नारंगपुर में 330, श्री गांधी इंटर कॉलेज धनौरा में 338, श्रीमती सुखदेवी इंटर कॉलेज हसनपुर में 87 व ज्ञान भारती इंटर कॉलेज गजरौला में 337 बच्चों ने परीक्षा दी। परीक्षा सीसीटीवी कैमरों की निगरानी संपन्न हुई। डीआईओएस विष्णु प्रताप सिंह ने बताया कि परीक्षा शांतिपूर्ण संपन्न हुई है।