ऐतिहासिक तिगरी गंगा मेले का विधिवत श्रीगणेश सोमवार को होगा। गंगा की जलधारा में दुग्धाभिषेक और हवन में आहुतियां देकर उद्घाटन किया जाएगा। गंगा मैया से मेला सकुशल संपन्न होने की कामना की जाएगी। कमिश्नर आंजनेय कुमार सिंह, डीआईजी मुनिराज जी और जनप्रतिनिधियों को मेला के विधिविधान से पूजन में आने के लिए निमंत्रण दिया गया है।
पश्चिमी उत्तर प्रदेश के प्रमुख मेलों में शुमार तिगरी में गंगा तट पर लग रहे कार्तिक पूर्णिमा मेले की तैयारियां एक महीने से चल रही हैं। मेले में कई दिन से आस्था का समुद्र उमड़ रहा है। सात किलोमीटर के दायरे में लगा मेला रात को रंग बिरंगी रोशनी से मन मोह रहा है। हिंडोले और झूलों पर लगी रंग बिरंगी रोशनी अलग ही सुंदर छटा बिखेर रही है। आसमान में उड़ रहे गुब्बारे दूर से परिचय करा रहे हैं कि ये तिगरी मेले में हैं। गंगा किनारे तंबुओं की नगर बस गई है।
सोमवार को देवोत्थान एकादशी पर शाम चार बजे कार्तिक पूर्णिमा मेले का विधिवत शुभारंभ किया जाएगा। मेला 15 नवंबर तक आयोजित होगा। जिसके लिए गंगा किनारे खास इंतजाम किए जा रहे हैं। भव्य वेदी में हवन कर इसमें आहुतियां प्रदान कर गंगा मैया से मेले को सकुशल संपन्न कराने की आराधना की जाएगी। इसके बाद पतित पावनी गंगा में दुग्धाभिषेक किया जाएगा। मेला प्रभारी एडीएम न्यायिक मायाशंकर यादव ने बताया कि मेला पूजन के लिए कमिश्नर आंजनेय कुमार सिंह व डीआईजी मुनिराज जी, सांसद, जिला पंचायत अध्यक्ष, सभी विधायकों और जनप्रतिनिधियों को निमंत्रण भेजा गया है। उधर, तिगरीधाम में तंबुओं का शहर बस चुका है और बढ़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंच गए हैं। मेले में अमरोहा के अलावा आसपास के जिलों के 30-35 लाख श्रद्धालु पहुंचेंगे। गंगा किनारे श्रद्धालु डेरा लगा रहने लगे हैं।
चार दिन तक रहेगी सांस्कृतिक कार्यक्रमों की धूम
तिगरीधाम। तिगरी गंगा मेले में उमड़ रहे श्रद्धालुओं का मनोरंजन कराने के लिए सोमवार शाम से चार दिनों तक सांस्कृतिक कार्यक्रमों की धूम रहेगी।
पहले दिन : 11 नवंबर : शाम 6.30 बजे से 7.30 बजे तक धनौरा के ब्लू बर्ड्स स्कूल के विद्यार्थी सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत करेंगे। शाम को 7.30 बजे से रात में नौ बजे तक लखनऊ की संस्था रास रंग विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत करेगी। रात नौ से 11 बजे तक मेरठ के गोविंदपुर निवासी केशव गुर्जर की टोली रागनी सुनाएगी।
- दूसरे दिन : 12 नवंबर - शाम 6.30 बजे से 9 बजे तक बॉलीवुड के प्रमुख प्ले बैक गायक एवं सारेगामापा के विजेता हेमंत ब्रजवासी अपने संगीत से गंगा मेले में भक्ति रस घोलेंगे। रात 9 से 11 बजे तक इंडियाज गॉट टैलेंट के विजेता पोल मलखंभ के माध्यम से प्रस्तुति देंगे।
- तीसरे दिन : 13 नवंबर -
शाम को 6.30 बजे से रात में 8.30 बजे तक बॉलीवुड के प्रमुख कॉमेडी शो के जरिए श्रद्धालुओं का मनोरंजन करेंगे। 8.30 से 11.30 बजे तक हरियाणा की रागनी कलाकार शिवा चौधरी रागनी सुना कर मेले की खूबसूरती में चार चांद लगाएंगी।
- चौथे दिन : 14 नवंबर -
शाम 5.30 से 6.30 बजे तक मुरादाबाद के जादूगर जुगनू जादू के शो दिखाएंगे। शाम 6.30 से रात 9.30 बजे तक बॉलीवुड में धूम मचा चुका साधो बैंड अपनी प्रस्तुति देगा। रात में 9.30 से 12.30 बजे तक अखिल भारतीय कवि सम्मेलन किया जाएगा।