गजरौला। बैसाख अमावस्या के पावन अवसर पर सोमवार को ब्रजघाट व तिगरी गंगा धाम में आस्था की डुबकी लगाने के लिए लाखों श्रद्धालुओं के पहुंचने का अनुमान है। इस बार बैसाख अमावस्या सोमवार को पड़ने के कारण इसका महत्व अधिक हो गया है। ऐसे में जाम से निजात के लिए रविवार शाम से ही हाईवे के कटों को बंद कर दिया जाएगा। साथ ही श्रद्धालुओं की सुरक्षा और शांति व्यवस्था के मद्देनजर जगह-जगह पुलिस बल तैनात रहेगा।
बैसाख अमावस्या पर हर साल लाखों की संख्या में श्रद्धालु ब्रजघाट में गंगा स्नान करते हैं। दिल्ली, मुरादाबाद, बिजनौर, अमरोहा, संभल, धनौरा, हसनपुर सहित पश्चिमी यूपी के दूरस्थ जनपदों से श्रद्धालुओं का आवागमन रविवार शाम से ही शुरू हो जाएगा। बैसाख अमावस्या पर ब्रजघाट और तिगरी गंगा घाट पर श्रद्धालुओं की आमद बढ़ने की उम्मीद जताई जा रही है। श्रद्धालुओं की आमद बढ़ने से एनएच-24 और तिगरी मार्ग पर जाम लगने की भी आशंका है। हालांकि एनएच-24 पर जाम से निपटने के लिए गढ़मुक्तेश्वर पुलिस और गजरौला पुलिस ने पर्याप्त बंदोबस्त करने का दावा कर रही है। ब्रजघाट गंगापुल पर वाहनों का जमावड़ा ना लग सके। इसके लिए पुलिस बल तैनात रहेगा। गंगा में स्नान करने वाले श्रद्घालुओं की सुरक्षा के लिए भी सादे कपड़ों में पुलिस मौजूद रहेगी। ब्रजघाट चौकी इंचार्ज संजय कुमार ने बताया कि रविवार शाम से ही हाईवे के कटों को बंद करा दिया जाएगा। ब्रजघाट पुल पर वाहनों का जमावड़ा नहीं लगने दिया जाएगा।