कोतवाली इलाके के गांव शेखूपुर झकड़ी में जंगल में स्थित ट्यूबवेल की कोठरी से पुलिस ने छापामार कर हरियाणा मार्का अंग्रेजी शराब का जखीरा बरामद किया है। पुलिस ने मौके से छह शराब तस्करों को गिरफ्तार कर लिया, जबकि एक भाग गया।
इसके अलावा मौके से दो टवेरा गाड़ी और एक टाटा मैजिक भी बरामद की गई है। पुलिस शराब की अनुमानित कीमत करीब पांच लाख रुपये बता रही है। गुरुवार दोपहर पुलिस को सूचना मिली की गांव शेखपुर झकड़ी के जंगल में अवैध शराब का स्टॉक किया गया है।
सूचना पर कोतवाली निरीक्षक अनिल समानिया, एसआई ब्रजेश कुमार, एसआई ओमपाल सिंह, एसआई सतेंद्रपाल, कांस्टेबल विमल ने टीम के साथ जंगल में ट्यूबवेल की कोठरी में छापा मारा। पुलिस टीम को देख शराब तस्करों में अफरातफरी मच गई। मौके से भागने का प्रयास कर रहे छह तस्करों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया।
जबकि एक मुख्य तस्कर भाग गया। इस दौरान पुलिस ने 89 पेटी हरियाणा मार्का अंग्रेजी शराब, 49 पेटी हरियाणा मार्का विस्की व 27 पेटी हरियाणा मार्का शराब के पव्वे बरामद किए। इसके अलावा दो टवेरा गाड़ी और एक टाटा मैजिक भी बरामद की गई।
कोतवाली निरीक्षक अनिल समानिया ने बताया कि अवैध शराब झकड़ी निवासी मूलचंद की ट्यूबवेल की कोठरी से बरामद की गई। मौके से मूलचंद पुत्र नन्हे, सर्वेश पुत्र मूलचंद, प्रवेश पुत्र रामकिशोर, बिजेंद्र पुत्र पूरन निवासी गांव झकड़ी व हापुड़ी के मोहल्ला आदर्श नगर निवासी संजय पुत्र बाबू व अजय पुत्र अमर सिंह निवासी मोतीनगर हापुड़ को गिरफ्तार किया गया, जबकि मुख्य आरोपी कलुआ निवासी मोहम्मदपुर बंगर भाग गया। आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है।