बछरायूं। थाना क्षेत्र के गांव सुजमना में पांच साल के बालक की लाश प्राइमरी स्कूल के पास पड़ी मिलने से सनसनी फैल गई। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंचे परिजनों में कोहराम मच गया। परिजनों ने हत्या की आशंका जताई है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। बालक की संदिग्ध मौत से गम का माहौल है।
सुजमना गांव निवासी विपिन के पांच साल के पुत्र गौरव का शव शुक्रवार की सुबह 11 बजे प्राइमरी स्कूल के पास पड़ा मिला। स्कूल के पास ही विपिन कोल्हू चलाता है। गौरव का शव पड़ा होने की सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे।
सूचना मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने शव का निरीक्षण किया। शव पर चोट आदि के निशान नहीं थे। मौके पर मौजूद विपिन ने गांव के ही दो लोगों पर अपने पुत्र की हत्या की आशंका जताई। उसका आरोप था कि दोनों से उसका कुछ समय पहले विवाद हो गया था। प्रभारी निरीक्षक सुनील कुमार ने बताया कि गौरव को निमोनिया की बीमारी थी। बीमारी की वजह से भी उसकी मौत हो सकती है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर ही अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।