आदमपुर (अमरोहा)। सड़कों पर घूम रहे गोवंशीय पशुओं को पकड़ने के लिए अभियान चलाया गया। आदमपुर में सड़कों पर घूम रहे गोवंशीय पशुओं को पकड़ा कर गुरेठा वृहद नंदी गोशाला भिजवाया गया।
क्षेत्र में छुट्टा पशुओं के आतंक से हर कोई परेशान है। पशु फसलें उजाड़ने के साथ ही सड़कों पर हादसों का कारण बन रहे हैं। जिनकी वजह से लोगों की जान जा रही है। समय-समय पर छुट्टा पशुओं को पकड़वाने के के लिए अभियान चलाया जाता है, लेकिन औपचारिकता करने के बाद अभियान को ठंडे बस्ते में डाल दिया जाता है।
अमर उजाला ने क्षेत्र के लोगों की समस्या को प्रमुखता से उठाया। जिसे गंभीरता से लेकर अधिकारियों ने बुधवार को अभियान शुरू कराया। आदमपुर ग्राम पंचायत सचिव विदित यादव ने बताया कि मंगलवार व बुधवार को लगभग 40 गोवंशीय पशुओं को पकड़कर गोशाला में भिजवाया गया है। इसके बाद भी सड़कों पर पशु दिखाई दिए तो उन्हें भी पकड़कर गोशाला भिजवाया जाएगा। उन्होंने पशु पालकों से पशु न छोड़ने की अपील की। इस मौके पर ग्राम प्रधान पुत्र धर्मवीर सैनी, ग्राम पंचायत सचिव विदित यादव और ग्रामवासी मौजूद रहे।