सैदनगली (अमरोहा)। डीएम ने बुधवार को गांव ढक्का में टीकाकरण कार्य का निरीक्षण किया। इस में लापरवाही बरतने पर एएनएम का वेतन रोक दिया।
डीएम निधि गुप्ता वत्स ने क्षेत्र के गांव ढक्का में गर्भवती धात्री व शून्य से 5 वर्ष के बच्चों के लिए चल रहे टीकाकरण सत्र का मौके पर जाकर निरीक्षण किया गया। निरीक्षण में मौके पर उपस्थित एएनएम के पास गर्भवती धात्री महिलाओं और 0 से पांव वर्ष के बच्चों की लिस्ट न होने व डाटा अपडेट नहीं होने पर डीएम ने नाराजगी जताई।
डीएम ने मुख्य चिकित्सा अधिकारी को एएनएम का वेतन रोकने के निर्देश दिए। कहा कि जब तक ड्यू लिस्ट अपडेट होकर पूर्ण नहीं हो जाती और आवश्यक रजिस्टर पूरे नहीं हो जाते। तब तक वेतन जारी न किया जाए। डीएम ने कहा कि टीकाकरण में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। डीएम ने बच्चे को विटामिन ए की खुराक अपने हाथों से पिलाई।
डीएम ने प्राथमिक विद्यालय और आंगनबाड़ी केंद्र का किया निरीक्षण
सैदनगली। डीएम निधि गुप्ता वत्स ने अल्लीपुर भूड़ शर्की ढक्का मोड़ पर स्थित प्राथमिक विद्यालय और आंगनबाड़ी केंद्र का भी मौके पर जाकर निरीक्षण किया। बच्चों से ब्लैकबोर्ड पर लिखे शब्दों को पढ़वाकर देखा। साथ ही गिनती भी सुनीं। डीएम ने प्राथमिक विद्यालय में संचालित आंगनबाड़ी केंद्र में पहुंचकर बच्चों के सीखने के लिए प्रयोग किए जाने वाले टीएलएम का प्रयोग न होने पर नाराजगी जताई। टीएलएम का प्रयोग कर ज्ञान कराने के प्रति निर्देशित किया। संवाद