मतपेटी में बंद हुई प्रत्याशियों की किस्मत
-गजरौला ब्लॉक प्रमुख चुनाव में 94 वोटों में से पड़े 93 वोट, अविश्वास प्रस्ताव के बाद पड़े वोट
- 30 अक्तूबर के बाद खुल सकेगी मतपेटी, परिणाम पर हाईकोर्ट ने लगाई रोक
अमर उजाला ब्यूरो
गजरौला। ब्लॉक प्रमुख कुर्सी को लेकर मंगलवार को जमकर घमासान हुआ। मंडी धनौरा उपजिलाधिकारी ने प्रमुख के खिलाफ हुए अविश्वास प्रस्ताव पर विचार-विमर्श के बाद मतदान कराया। कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच मतदान हुआ। 94 क्षेत्र पंचायत सदस्यों में से 93 क्षेत्र पंचायत सदस्यों ने ही मताधिकार का प्रयोग किया। दोनों पक्षों के बीच अंदरूनी गहमा-गहमी बनी रही। हालांकि, कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच हंगामा नहीं हो पाया। 30 अक्तूबर के बाद मतपेटियां खोली जा सकेंगी, चूंकि चुनाव परिणाम पर हाईकोर्ट द्वारा रोक लगाई गई है। हालांकि, दोनों पक्ष स्वयं को जीत के दावेदार बता रहे हैं।
गजरौला ब्लाक क्षेत्र सदस्यों ने उपचुनाव में जीते भाजपा नेता धमेंद्र सिंह उर्फ लालू और पूर्व ब्लॉक प्रमुख कावेंद्र सिंह की अगुवाई में 26 सितंबर को जिलाधिकारी नवनीत सिंह चहल के समक्ष उपस्थित होकर सपा समर्थित मौजूदा ब्लाक प्रमुख मुमताज अली उर्फ हाजी भुट्टो के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव लाने को शपथ पत्र दिए थे। जिलाधिकारी ने शपथ पत्रों का सत्यापन कराने के बाद अविश्वास प्रस्ताव की तारीख 17 अक्तूबर निर्धारित की थी। उधर, मौजूदा ब्लॉक प्रमुख इसके खिलाफ हाईकोर्ट चले गए थे। हाईकोर्ट ने चुनाव के परिणाम पर रोक लगा दी थी। लेकिन, पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार मतदान कराने की छूट जिला प्रशासन को दी। मंगलवार को अविश्वास प्रस्ताव पर विचार किया गया। इसके बाद उपजिलाधिकारी धनौरा और पीठासीन अधिकारी गंभीर सिंह ने मतदान को मंजूरी दी। मौजूदा ब्लॉक प्रमुख मुमताज अली उर्फ हॉजी भुट्टो के खिलाफ भाजपा समर्थित धर्मेंद्र सिंह मैदान में उतरे। इस दौरान ब्लॉक क्षेत्र में 94 क्षेत्र पंचायत सदस्य में से 93 क्षेत्र पंचायत सदस्यों ने मतदान किया। शांतिपूर्ण ढ़ंग से चुनाव संपन्न होने के बाद पीठासीन अधिकारी ने दोनों प्रत्याशियों की मौजूदगी में मतपेटी को सील कराया। 30 अक्टूबर के बाद मतपेटी खोली जा सकेगी। इस दौरान पुलिस की कड़ी सुरक्षा व्यवस्था रही।
भाजपाई ठोक रहे जीत की ताल
गजरौला। गजरौला ब्लॉक प्रमुख के खिलाफ हुए अविश्वास प्रस्ताव के बाद आखिकार मतदान हो गया। भाजपा नेता और पूर्व ब्लॉक प्रमुख कावेंद्र सिंह का दावा है कि मतदान हमारे पक्ष में हुआ। 93 क्षेत्र पंचायत सदस्यों ने वोट डाला है। इनमें से अधिकांश ने भाजपा प्रत्याशी के पक्ष में मतदान किया है। हाईकोर्ट ने मामले में 30 अक्तूबर निर्धारित रखी है।
चुनाव में मेरे पक्ष में जमकर वोटिंग हुई है। दूसरे पक्ष ने फर्जी शपथ पत्र तैयार कराकर अविश्वास लाने की कोशिश की। लेकिन, उससे कुछ नहीं होने वाला। चुनाव परिणाम के बाद सब साफ हो जाएगा।
मुमताज अली उर्फ हाजी भुट्टो