अमरोहा। मौसम में बदलाव के चलते वायरल फीवर, टाइफाइड और डेंगू के मरीज बढ़ रहे हैं। जिले में अब तक डेंगू के 31 मरीज मिल चुके हैं। इनमें अमरोहा शहर के तीन और ग्रामीण क्षेत्र के नौ मरीज शामिल हैं। स्वास्थ्य विभाग प्रभावित क्षेत्रों में एंटी लार्वा दवा का छिड़काव करा रहा है।
दिन में गर्मी और रात में हल्की ठंडक के कारण बुखार, सिरदर्द, खांसी-जुकाम के मरीज बढ़े हैं। जिला अस्पताल के साथ जोया और अमरोहा सीएचसी में भी मरीजों की भीड़ लग रही है। बुखार के मरीजों की ब्लड जांच कराई जा रही है। पिछले साल जिले में डेंगू के सात मरीज मिले थे, जबकि इस बार संख्या 31 पहुंच गई है।
क्षेत्रवार आंकड़ों के अनुसार, अमरोहा शहर में तीन, ग्रामीण क्षेत्र में नौ, हसनपुर में पांच, गजरौला में चार, जोया में छह और रहरा में चार मरीज मिले हैं। सीएमओ डॉ. रमाकांत सागर ने बताया कि डेंगू प्रभावित क्षेत्रों में एंटी लार्वा दवा का छिड़काव कराया जा रहा है। लोगों को आसपास साफ-सफाई रखने और पूरी बाजू के कपड़े पहनने की सलाह दी जा रही है।