अमरोहा। जिले में बिजली व्यवस्था को मजबूत करने के लिए कारोबार प्लान के तहत शासन को 31 करोड़ का प्रस्ताव भेजा गया था। जिसमें से शासन ने 28 करोड़ 92 लाख की धनराशि को मंजूरी दे दी है। इस राशि से बिजलीघरों की क्षमता बढ़ाई जाएगी और हसनपुर क्षेत्र के गांव शीतलासराय में बिजलीघर बनाया जाएगा।
करीब चार माह पहले कारोबार प्लान का प्रस्ताव तैयार करके शासन को भेजा गया। जिससे जिले की बिजली व्यवस्था को सुधारा जा सके। इसमें हसनपुर तहसील के गांव शीतला सराय में एक नया बिजलीघर प्रस्तावित है। इसके अलावा ट्रांसफार्मरों की क्षमता भी बढ़ाई जाएगी और जर्जर तारों को ठीक कराया जाएगा। जिससे लोगों को निर्बाध रूप से बिजली आपूर्ति मिल सके। शासन से हरी झंडी मिली है। अधीक्षण अभियंता आरपी सिंह ने बताया कि 31 करोड़ का कारोबार प्लान शासन को भेजा गया। जिसमें से 28 करोड़ 92 लाख की राशि की मंजूरी मिल गई है। शीतला सराय में बिजली घर बनेगा। 191 ट्रांसफार्मरों की क्षमता बढ़ेगी और 39 नए ट्रांसफार्मर लिए जाएंगे। इसके अलावा और दूसरे काम भी किए जाएंगे। इससे बिजली के क्षेत्र में काफी फायदा मिलेगा।